मिताली राज का विश्व रिकॉर्ड ध्वस्त, एलिस पैरी ने महिला वनडे में बनाया नया कीर्तिमान

Amrit Vichar Network
Edited By Muskan Dixit
On

महिला विश्व कप 2025 में ऑस्ट्रेलिया की टीम धमाकेदार फॉर्म में है। सबसे पहले सेमीफाइनल में जगह बनाने वाली इस टीम का अब मुकाबला भारत से होगा। लीग चरण के अंतिम मैच में कंगारू महिलाओं ने दक्षिण अफ्रीका को 7 विकेट से हराकर सनसनी मचा दी। इस जीत के साथ ऑस्ट्रेलिया की स्टार खिलाड़ी एलिस पैरी ने इतिहास रच दिया।

मिताली को पछाड़ा, सबसे ज्यादा वनडे जीत का रिकॉर्ड अपने नाम किया

दक्षिण अफ्रीका पर मिली जीत के साथ एलिस पैरी महिला वनडे क्रिकेट में सबसे अधिक मैच जीतने वाली खिलाड़ी बन गईं। उन्होंने भारत की पूर्व कप्तान मिताली राज का रिकॉर्ड तोड़ दिया। पैरी ने अब तक 130 वनडे मैचों में जीत दर्ज की है, जबकि मिताली के नाम 129 जीत थीं।

पैरी का शानदार करियर

164 वनडे मैचों में ऑस्ट्रेलिया की जीत की नींव पैरी ने ही रखी। उन्होंने 4427 रन ठोके हैं, जिनमें 3 शतक और 36 अर्धशतक शामिल हैं। टी20 इंटरनेशनल में भी उन्होंने 168 मैचों में 2173 रन बनाए हैं।

मैच में किंग का कहर, साउथ अफ्रीका 97 पर ढेर

एलाना किंग की घातक गेंदबाजी ने साउथ अफ्रीका को सिर्फ 97 रनों पर समेट दिया। उन्होंने 7 विकेट चटकाए। जवाब में बेथ मूनी (42) और जॉर्जिया वॉल (38) की बदौलत ऑस्ट्रेलिया ने आसानी से लक्ष्य हासिल कर 7 विकेट से जीत कायम की।

लीग स्टेज में अजेय रही ऑस्ट्रेलिया

विश्व कप 2025 के लीग चरण में ऑस्ट्रेलिया एकमात्र ऐसी टीम है जिसने कोई मैच नहीं गंवाया। 7 मुकाबलों में 6 जीत और 1 बेनतीजा मैच के साथ 13 अंकों के साथ वह तालिका में शीर्ष पर काबिज है।

संबंधित समाचार