आजमगढ़ : देवारा में जमीन विवाद में एक व्यक्ति की हत्या, चार गिरफ्तार
आजमगढ़। उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जिले में शनिवार की देर रात खेत की मेड़ काटने को लेकर हुए विवाद में एक युवक की कुल्हाड़ी से हत्या कर दी गयी। इस सिलसिले में पुलिस ने चार लोगों को गिरफ्तार किया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार दुबौली गांव में दो पट्टीदारों के बीच मेड़ को लेकर विवाद चल रहा था। इसी को लेकर चाचा और उनके पुत्रों ने जितेंद्र चौहान (40 वर्ष) की कुल्हाड़ी से हत्या कर दी। पुलिस ने इस मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार दोनों पक्षों में शनिवार की रात करीब 10 बजे कहासुनी हुई। उसके बाद लाठी-डंडे और कुल्हाड़ी से हमला किया गया। इस हमले में जितेंद्र गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल अवस्था में उसे उपचार के लिए हरैया स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने इस मामले में चार लोगों को गिरफ्तार किया है। स्थिति तनावपूर्ण देखते हुए पर्याप्त मात्रा में पुलिस बल तैनात किया गया है।
