सुलतानपुर CMS के बिगड़े बोल, कहा- 'अर्थी निकालनी है तो सरकार और योगी की निकालो'

Amrit Vichar Network
Edited By Anjali Singh
On

अमृत विचार। जयसिंहपुर तहसील क्षेत्र के बिरसिंहपुर में स्थित सौ शैय्या के संयुक्त अस्पताल की बदहाल स्थिति और स्वास्थ्य सेवाओं की अव्यवस्था को लेकर आम आदमी पार्टी ने धरना प्रदर्शन किया है। आप के मुख्य प्रवक्ता वंशराज दूबे के नेतृत्व में जारी तीन दिवसीय धरना प्रदर्शन के दूसरे दिन माहौल तनावपूर्ण हो गया तो अस्पताल के मुख्य चिकित्सा अधीक्षक ने स्थानीय पुलिस बल के साथ धरना स्थल पर पहुंच समाप्त कराने का प्रयास किया। 

इसी दौरान सीएमएस और आप कार्यकर्ताओं के बीच तीखी नोकझोंक हो गई। सीएमएस को आप पदाधिकारियों ने अपने कार्यक्रम की रूपरेखा बताने के दौरान कहा कि धरने का आज दूसरा दिन है। कल हम लोग ज्ञापन देंगे। साथ ही सीएमओ व सीएमएस की अर्थी निकालकर बिरसिंहपुर बाजार में भ्रमण करेंगे। तभी सीएमएस राजकमल चौरसिया ने कहा कि सरकार और योगी की अर्थी निकालो, सीएमओ और सीएमएस की निकालने से क्या होगा। सीएमएस के इस बयान का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। 

कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि प्रशासन आंदोलन को दबाने की कोशिश कर रहा है। मुख्य प्रवक्ता वंशराज दूबे ने कहा कि अस्पताल में 13 डॉक्टर तैनात हैं दिख मात्र तीन रहे हैं। दवाइयों का अभाव देखा जा रहा है चिकित्सक बाहर की दवा लिख रहे हैं। एक्सरे मशीन तो है नहीं सप्ताह में एक दिन अल्ट्रासाउंड होता है वो भी चेहरा देखकर। प्रवक्ता ने जब कहा कि हम सीएमओ से बात करेंगे तो सीएमएस ने कहा कि इस अस्पताल के जिम्मेदार हम हैं जो कहना है हमसे कहो वह कुछ नहीं कर पाएंगे। 

चिकित्सकों के साथ चिकित्सीय उपकरणों की भारी कमी है, फिर भी प्रशासन जनता की आवाज़ को रोकने में लगा है। उन्होंने इसे तानाशाही रवैया बताया और कहा कि जनता के स्वास्थ्य की अनदेखी शर्मनाक है। आम आदमी पार्टी ने अपनी पाँच सूत्रीय माँगों को दोहराया और कहा कि अनुपस्थित चिकित्सकों पर कार्रवाई, दवाओं और उपकरणों की उपलब्धता, अस्पताल की सफाई, बाहरी दवाएँ लिखने पर रोक, और आउटसोर्सिंग कर्मचारियों का वेतन भुगतान समय से हो। 

27 करोड़ की लागत से बना यह अस्पताल आज खुद वेंटिलेटर पर है, जबकि सरकार जनता की सेहत की जगह दिखावे और दबाव की राजनीति कर रही है। धरने में जिलाध्यक्ष सुरेश चंद्र, बृजेश सिंह, धर्मराज सिंह, दिलीप यादव, जीतेन्द्र तिवारी, भास्कर देव, कुलदीप यादव, रौनक सिंह, फहीम, रमाशंकर, डीके जायसवाल समेत दर्जनों कार्यकर्ता मौजूद रहे।

इस संबंध में सीएमओ डॉ भारत भूषण ने कहा कि गैर जिम्मेदाराना बयाना अधिकारी को शोभा नहीं देता उन्होंने उनसे कहा है कि वो जाकर अपने शब्द वापस ले और उनका ज्ञापन लेकर समस्याओं का निस्तारण करवाए।

ये भी पढ़े :

जौनपुर में कार-ट्रक की टक्कर : विंध्याचल दर्शन कर लौट रहे थे श्रद्धालुओं, पति-पत्नी समेत तीन लोगों की मौत

 

संबंधित समाचार