सिक्किम, मिजोरम और मणिपुर ने जीत से किया आगाज, महिला टी-20 ट्रॉफी प्लेट सीरीज के मुकाबला रहा एकतरफा

Amrit Vichar Network
Edited By Muskan Dixit
On

लखनऊ, अमृत विचार: अंडर-19 महिला टी-20 ट्रॉफी प्लेट सीरीज के रविवार के मुकाबलों में सिक्किम, मिजोरम और मणिपुर ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जीत से आगाज किया। इकाना स्टेडियम और उसके बी ग्राउंड में खेले गए सभी मुकाबले एकतरफा रहे। सिक्किम ने मेघालय को आठ विकेट से, मिजोरम ने नागालैंड को आठ विकेट से और मणिपुर ने अरुणाचल प्रदेश को नौ विकेट से मात दी।

सिक्किम और मेघालय के बीच मुकाबले में सिक्किम की गेंदबाजों ने मेघालय को 88 रन पर समेटा। कारोल तमांग और मार्था ने तीन-तीन विकेट लिए। जवाब में सिक्किम ने 10.5 ओवर में दो विकेट खोकर लक्ष्य हासिल किया। सारिका तमांग ने सर्वाधिक 19 रन बनाए।

मिजोरम और नागालैंड के मुकाबले में नागालैंड के बल्लेबाज मिजोरम की गेंदबाजों के सामने टिक नहीं सके। शुरुआती दोनों बल्लेबाज छह रन पर पवेलियन लौट गए। मध्यक्रम से केवल मरियानी ने 15 रन बनाए, जबकि बाकी कोई भी बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा नहीं छू सका। मिजोरम की जेसिका और संध्या ने दो-दो विकेट लिए। जवाब में मिजोरम ने 9.5 ओवर में दो विकेट खोकर लक्ष्य हासिल किया। आई सेन ने 20 और कारी ने 13 रन की अहम पारियां खेलीं।

मणिपुर और अरुणाचल प्रदेश के बीच दोपहर सत्र में मुकाबला हुआ। अरुणाचल ने 20 ओवर में चार विकेट पर 65 रन बनाए। कनिका ने 31 और एन कारी ने 13 रन बनाए। मणिपुर की बिजया ने दो विकेट लिए। लक्ष्य का पीछा करते हुए मणिपुर ने 12.4 ओवर में एक विकेट खोकर जीत दर्ज की। एल प्रेना ने नाबाद 25 और तान्या ने नाबाद 21 रन की शानदार पारियां खेलीं।

तीनों टीमों की जीत के साथ प्लेट सीरीज में रोमांचक मुकाबलों की शुरुआत हुई है। आगामी मैचों में अन्य टीमें भी अपनी पहली जीत की तलाश में उतरेंगी।

संबंधित समाचार