बच्चों की ऑनलाइन हाजिरी का शिक्षक कर रहे विरोध, अधिकारियों पर लगाया अनुचित दबाव बनाने का आरोप 

Amrit Vichar Network
Edited By Muskan Dixit
On

 जिला मुख्यालय पर ज्ञापन देकर दर्ज कराएंगे आपत्ति

लखनऊ, अमृत विचार: प्राथमिक विद्यालयों में अब बच्चों की ऑनलाइन हाजिरी लागू करने के आदेश ने शिक्षकों में नाराजगी बढ़ा दी है। पहले शिक्षक अपनी ऑनलाइन उपस्थिति के विरोध में थे, अब छात्र-छात्राओं की ऑनलाइन हाजिरी को लेकर भी आंदोलन की तैयारी में हैं। प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ ने इस संबंध में विरोध कार्यक्रम घोषित किया है।

संघ ने अपने सभी पदाधिकारियों को पत्र जारी कर निर्देश दिया है कि आदेश का विरोध संगठित रूप से किया जाए। 24 अक्टूबर को संघ ने अपर मुख्य सचिव (बेसिक शिक्षा) को पत्र भेजकर बताया कि विभागीय अधिकारियों द्वारा जारी यह आदेश अव्यावहारिक है और शिक्षकों पर अनुचित दबाव डाला जा रहा है।

शिक्षक नेताओं का कहना है कि बच्चों की ऑनलाइन उपस्थिति व्यवस्था व्यवहारिक नहीं है, विशेषकर ग्रामीण विद्यालयों में इंटरनेट व संसाधनों की कमी के कारण। विरोध स्वरूप 1 नवंबर को शिक्षक मुख्यमंत्री व शिक्षा मंत्री को संबोधित ज्ञापन जिलाधिकारी या जनपदीय प्रशासन के माध्यम से सौंपेंगे।

संबंधित समाचार