पंचायत सहायकों के रिक्त पदों पर होगी नियुक्ति विभागीय समीक्षा में ओम प्रकाश राजभर ने दिए अधिकारियों को आदेश

Amrit Vichar Network
Edited By Muskan Dixit
On

लखनऊ, अमृत विचार: पंचायती राज एवं अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने निर्देश दिए कि जिन ग्राम पंचायतों में पंचायत सहायकों के पद रिक्त हैं, वहां शीघ्र नियुक्ति प्रक्रिया पूर्ण की जाए। जिन गांवों में सफाई कर्मी तैनात हैं, वहां स्वच्छता कार्य नियमित रूप से कराया जाए। घर-घर से कचरा संग्रहण अभियान को जनसहभागिता से सफल बनाया जाए।

पंचायती राज मंत्री रविवार को सर्किट हाउस में विभागीय अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर रहे थे। योजनाओं परियोजनाओं को गति प्रदान करने के लिए उन्होंने अधिकारियों से कहा कि राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाया जाए। शासन से प्राप्त कार्यों एवं योजनाओं को निर्धारित समयावधि में गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा किया जाए, ताकि आमजन को प्रत्यक्ष रूप से इसका लाभ मिल सके। मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने कहा कि कार्यों की गति एवं पारदर्शिता में किसी भी स्तर पर शिथिलता स्वीकार्य नहीं होगी। न्यूनतम पांच करोड़ की परियोजनाओं और अस्पताल, कॉलेज, सद्भावना मंडप, छात्रावास एवं स्टेडियम के प्रस्ताव शासन को उपलब्ध कराए जाएं। शासकीय धन का जनहित में सदुपयोग सुनिश्चित किया जाए और गड्ढा मुक्ति अभियान के कार्य में तेजी लाई जाए।

डीपीआरओ यतेन्द्र कुमार ने बताया कि जिले में 845 पंचायत भवन क्रियाशील हैं, पंचायत सहायकों की भर्ती प्रक्रिया अंतिम चरण में है। अंत्येष्टि स्थलों का चयन पूर्ण हो चुका है, छह स्थलों पर कार्य प्रगति पर है, जबकि चार पर कार्य शीघ्र आरंभ कराया जाएगा। बैठक में जिला पंचायत अध्यक्ष विजय सिंह, उपनिदेशक अमृता सिंह, जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी निधि गोस्वामी, सहायक निदेशक सूचना संदीप कुमार, श्याम बहादुर शर्मा, अवर अभियंता विजय कुमार समेत अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

संबंधित समाचार