Ayodhya News: श्रद्धालु सात घंटे नहीं कर पाएंगे रामलला का दर्शन-पूजन, 25 नवंबर को ध्वजारोहण के बाद ही कर सकेंगे दर्शन
21 नवंबर से शुरू हो रहे अनुष्ठान में श्रद्धालुओं को शामिल करने पर ट्रस्ट कर रहा मंथन
अयोध्या, अमृत विचार: राममंदिर में 25 नवंबर को पहली पाली में सात घंटे श्रद्धालुओं के दर्शन-पूजन पर रोक रहेगी। राम जन्मभूमि मंदिर परिसर में ध्वजारोहण के कार्यक्रम संपन्न होने के बाद दोपहर दो बजे के बाद ही भक्त रामलला के दर्शन कर पाएंगे। वहीं 21 नवंबर से प्रारंभ हो रहे ध्वजारोहण अनुष्ठान के दौरान श्रद्धालु राम मंदिर में दर्शन करते हुए इस उत्सव में शामिल हों, इस पर श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट मंथन कर रहा है।
ट्रस्ट के मुताबिक 25 नवंबर को राम मंदिर परिसर में मुख्य रूप से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ सरसंघचालक मोहन भागवत, राज्यपाल आनंदीबेन पटेल, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, विश्व हिंदू परिषद के अंतरराष्ट्रीय अध्यक्ष आलोक कुमार समेत प्रयागराज व वाराणसी के प्रमुख जगद्गुरु और शंकराचार्य समेत अन्य वीवीआईपी का आगमन होगा। श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र टेस्ट के सदस्य डॉ.अनिल मिश्र के मुताबिक अगले 10 दिन में सभी कार्य लगभग पूरे हो जाएंगे। उन्होंने बताया कि परिसर में लैंडस्कैपिंग के कार्य को लगभग पूरा किया जा चुका है। सप्त मंडप, शेषावतार मंदिर और अनेक प्रमुख कार्य पूरे किए जा चुके हैं। उन्होंने बताया कि परकोटे का कार्य भी अंतिम चरण में है। जिसे 10 नवंबर तक हर हाल पूरा कर लिया जाएगा। उन्होंने बताया कि मंदिर परिसर में होने वाले आयोजन को लेकर मंथन किया जा रहा है। जिसमें आयोजन को संपन्न कराने के साथ दर्शन की व्यवस्था भी अत्यधिक बाधित न हो। इसके लिए विशेषज्ञों से भी राय ली जा रही है।
मंदिर निर्माण समिति की दो दिवसीय बैठक 28 से
अयोध्या के लिए नवंबर माह बहुत ही खास बन गया है। मंदिर निर्माण के लिए 9 नवंबर 2019 में सुप्रीम कोर्ट का फैसला आने के बाद मंदिर निर्माण का कार्य प्रारंभ किया गया था। इस वर्ष नवंबर माह में ही मंदिर के संपूर्ण निर्माण का कार्य भी पूरा हो जायेगा। जिसका लोकार्पण प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के द्वारा 25 नवंबर को किया जाएगा। इसको लेकर राम जन्मभूमि परिसर में तैयारियां शुरू हो गई है। पूरे परिसर में 8000 से अधिक अतिथियों को बैठने के लिए कुर्सियां लगाई जाएंगी। इसके साथ ही एक विशाल मंच भी बनेगा। वहीं दूसरी मंदिर परिसर में चल रहे निर्माण को पूर्ण करने के लिए कार्यों की गति को तेज कर दिया गया। मंदिर निर्माण समिति की दो दिवसीय बैठक 28 और 29 अक्टूबर को होगी। इसके लिए निर्माण समिति के अध्यक्ष नृपेंद्र मिश्र सोमवार को अयोध्या पहुंच रहे हैं।
