Balrampur News: तालाब में पलटी बैलगाड़ी, पिता-पुत्र की दर्दनाक मौत, गांव में मचा कोहराम
बलरामपुर, अमृत विचार। जिले थाना ललिया क्षेत्र के मदरहवा गांव में सोमवार सुबह एक दर्दनाक हादसे में पिता-पुत्र की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि पालव (चारा) भरने जा रही बैलगाड़ी अनियंत्रित होकर तालाब में जा गिरी, जिससे दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में बैलगाड़ी के दोनों बैल भी तालाब में डूबकर मर गए।
मृतकों की पहचान सहज राम (60 वर्ष) और उनके पुत्र भोलाराम उर्फ दीपक (24 वर्ष) के रूप में हुई है। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से रेस्क्यू अभियान शुरू किया। इस दौरान सहज राम का शव बरामद कर लिया गया, जबकि भोलाराम के शव की तलाश जारी है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सुबह करीब 6:30 बजे दोनों पिता-पुत्र बैलगाड़ी से बालू लाने निकले थे। लौटते समय तालाब किनारे बने संकरे और गड्ढों वाले रास्ते पर बैलगाड़ी का संतुलन बिगड़ गया और वह सीधे तालाब में जा गिरी। हादसे के बाद आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और जानवरों को बाहर निकालने का प्रयास किया।
ग्रामीणों ने बताया कि हादसा इतना भयावह था कि बैलगाड़ी पूरी तरह पानी में समा गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, और गांव में मातम पसरा हुआ है। मृतक भोलाराम के दो छोटे बच्चे हैं, जबकि उनके भाई स्वामीनाथ बाहर रहकर काम करते हैं।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल स्थानीय प्रशासन ने घटना की जांच शुरू कर दी है और परिवार को हर संभव सहायता दिलाने का आश्वासन दिया गया है।
