बदायूं: दो बाइकों की भिड़ंत में मुरादाबाद के युवक की मौत, दो घायल
आसफपुर, अमृत विचार। ब्लॉक आसफपुर के ठीक सामने दो बाइकों की आमने-सामने से भिड़ंत हो गई। हादसे में मुरादाबाद निवासी एक युवक की मौत हो गई जबकि दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। बाइकें बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गईं। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया जबकि घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
मुरादाबाद के थाना बिलारी क्षेत्र के गांव अलापुर निवासी आकाश (35) पुत्र सुरेश कुमार अपने गांव में जिम चलाते थे। वह सोमवार को बाइक से अपनी पत्नी वर्षा के साथ यज्ञ में शामिल होने के लिए गांव नौली हरनाथपुर बाइक से जा रहे थे। ब्लॉक के सामने बिसौली कोतवाली क्षेत्र के गांव गुलड़िया निवासी समीर पुत्र लियाकत की बाइक से उनकी बाइक की टक्कर हो गई। हादसे में दोनों बाइक सवार तीनों लोग सड़क पर जा गिरे और घायल हो गए। सूचना मिलने पर आसफपुर चौकी पुलिस पहुंची।
घायलों को आसफपुर के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा। जहां चिकित्सक ने आकाश को मृत घोषित कर दिया। समीर की हालत गंभीर बताई जा रही है। लोगों का कहना है कि हादसा ब्लॉक के पास हुआ। यह अत्यधिक भीड़भाड़ वाला इलाका है। सड़क किनारे एक कॉलेज है। जहां बच्चे आते-जाते हैं। इसके बाद भी यहां न तो कोई संकेतांक है और न ही कोई स्पीड ब्रेकर। जिससे आए दिन हादसे होते रहते हैं। इस जगह पर कइयों की मौत हो चुकी है।
