लखीमपुर खीरी: लापता युवक का शव मिलने से हड़कंप...हत्या कर झाड़ियों में फेंकी लाश
मैगलगंज, अमृत विचार। कोतवाली क्षेत्र के रहजनियां गांव निवासी 24 वर्षीय युवक की हत्या कर दी गई। उसका शव सोमवार को लट्ठौनापुरवा भट्ठा की झाड़ियों में बरामद हुआ है। वह तीन दिन से गायब था। शव के सिर पर गंभीर चोटों के निशान मिले हैं। मृतक की बहन ने पेट्रोल पंप के कर्मचारियों पर हत्या करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम को भेजते हुए जांच तेज कर दी है। सीओ मितौली ने घटनास्थल का निरीक्षण कर परिजनों से जानकारी ली।
गांव रहजनियां निवासी ओम जी यादव पुत्र स्वर्गीय मान सिंह लालपुर गांव स्थित एक पेट्रोल पंप पर कर्मचारी के रूप में कार्यरत था। शनिवार दोपहर वह घर से यह कहकर निकला था कि उसे पेट्रोल पंप पर ड्यूटी के लिए जाना है। इसके बाद वह वापस नहीं लौटा। इस पर परिवार वालों ने उसकी तलाश की, लेकिन कोई कोई सुराग नहीं मिला। रविवार की दोपहर करीब तीन बजे ग्रामीणों ने मैगलगंज कस्बे के लट्ठौनापुरवा भट्ठा की झाड़ियों में उसकी बाइक लावारिस हालत में पड़ी देखी तो इसकी सूचना परिवार वालों को दी।
मौके पर पहुंचे परिजनों ने बाइक मिलने के बाद अनहोनी की आशंका जताते हुए पुलिस को गुमशुदगी की तहरीर दी। सोमवार सुबह ग्रामीणों ने भट्ठा के पास झाड़ियों में दुर्गंध आने पर खोजबीन की तो एक शव पड़ा मिला। शव मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। रोते-बिलखते परिवार वालों के साथ बड़ी संख्या में ग्रामीण भी मौके पर पहुंच गए। सूचना मिलने पर प्रभारी निरीक्षक रवींंद्र कुमार फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक शव के सिर पर गहरे जख्म थे। काफी खून भी मौके पर पड़ा था। इसके अलावा शव पर गहरे चोटों के निशान थे। इससे साफ है कि युवक की हत्या कर शव को झाड़ियों में फेंका गया है। मृतक का मोबाइल फोन और बरामद बाइक की चाबी लापता है। वाहन से जब शव पोस्टमार्टम के लिए रवाना हुआ तो कुछ दूरी पर परिवार की महिलाओं ने वाहन रोक लिया और हंगामा करते हुए कार्रवाई की मांग पर अड़ गई। हालांकि पुलिस के समझाने पर लोग शांत हो गए।
बहन ने पेट्रोल पंप कर्मचारियों पर लगाया हत्या का आरोप
मृतक की बहन सरिता यादव ने बताया कि उसका भाई ओम जी यादव पेट्रोल पंप पर सेल्समैन था। उसके मोबाइल में पेट्रोल पंप पर की जा रही घटतौली को लेकर तमाम सबूत थे। इसकी जानकारी जब पेट्रोल पंप के मैनेजर नंदकिशोर और कर्मचारी दिवाकर व सालिकराम को हुई तो कुछ दिन पहले विवाद हुआ था। 20 अक्टूबर से ओम जी ड्यूटी पर नहीं जा रहा था। तीन दिनों से कर्मचारी दिवाकर उसके घर आकर लगातार पेट्रोल पंप पर चलने का दबाव बना रहा था। उनका कहना है कि 25 अक्टूबर की दोपहर दिवाकर व सालिकराम ने फोन कर ओम जी को पंप पर बुलाया था। जहां पर दिवाकर और गांव के ही सालिक राम ने उसके भाई से कहा कि कि मैनेजर ने तुम्हें काम करने से मना किया है। इस पर दिवाकर ने घटतौली के वीडियो मालिक को भेजकर शिकायत करने की धमकी दी थी। उसके बाद से उसका भाई गायब हो गया और अब तीन दिन बाद उसका शव मिला है। परिजनों का आरोप है कि इन तीनों ने मिलकर ओम जी की हत्या की है और सबूत मिटाने के लिए शव को झाड़ियों में फेंक दिया। परिजनों ने तीनों के खिलाफ नामजद तहरीर दी है।
गांव में मातम, ग्रामीणों ने उठाए सुरक्षा पर सवाल
मृतक ओमजी यादव की शादी डेढ़ साल पहले कामिनी उर्फ सोनी निवासी किरितापुर थाना सिंधौली जिला सीतापुर से हुई थी। पति की मौत से उसका रो-रोकर हाल बेहाल है। वहीं हत्या से ग्रामीणों में भी भारी रोष है। ग्रामीणों का कहना है कि ओम जी शांत स्वभाव और मेहनती युवक था, जिसकी किसी से निजी रंजिश नहीं थी। ग्रामीणों ने पुलिस से आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की और कहा कि अगर पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज होने के बाद त्वरित कार्रवाई की होती तो शायद युवक की जान बच सकती थी। पेट्रोल पंप पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस का मानना है कि यह मामला केवल आपसी रंजिश नहीं, बल्कि किसी आर्थिक या पेशेगत विवाद से भी जुड़ा हो सकता है। पेट्रोल पंप कर्मियों से पूछताछ के बाद कई अहम राज खुल सकते हैं। फिलहाल पुलिस ने तीनों संदिग्धों की तलाश तेज कर दी है और जल्द खुलासे का दावा किया है।
सीओ मितौली यादवेंद्र सिंह मृतका के बहन की तहरीर पर संदेह के आधार पर तीनों लोगों के खिलाफ हत्या व शव छुपाने की रिपोर्ट दर्ज की गई है। पुलिस गहराई से छानबीन कर रही है। शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। रिपोर्ट आने के बाद आगे के विधिक कार्रवाई होगी।
