सुलतानपुर : बहुचर्चित फर्जी बैनामा प्रकरण में पूर्व दर्जा प्राप्त मंत्री संदीप शुक्ला की गवाही दर्ज
सीजेएम कोर्ट में दर्ज हुई गवाही, अब 17 नवम्बर को होगी जिरह
सुलतानपुर, अमृत विचार। बहुचर्चित फर्जी बैनामा प्रकरण की सुनवाई सोमवार को मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट (सीजेएम) कोर्ट में हुई। इस दौरान सपा के पूर्व दर्जा प्राप्त मंत्री वादी मुकदमा संदीप कुमार शुक्ल की गवाही दर्ज की गई। उनके अधिवक्ता संतोष पांडेय ने बताया कोर्ट ने जिरह के लिए अगली तारीख 17 नवम्बर तय की है। वादी संदीप शुक्ला का आरोप है कि राजदेव निषाद पुत्र बाबूराम निषाद निवासी ग्राम सैफुल्लागंज थाना गोसाईगंज उसके पूर्व परिचित हैं।
उन्होंने 15 दिसम्बर 2024 को अपने एक अज्ञात साथी के साथ वादी से संपर्क कर यह कहकर विश्वास में लिया कि लाल बहादुर निषाद नामक व्यक्ति अपनी पुत्री के विवाह के लिए धन की आवश्यकता के चलते टाटियानगर स्थित अपनी जमीन बेचना चाहता है। वादी ने प्रस्ताव स्वीकार कर लिया और बीती 2 जनवरी को सब-रजिस्ट्रार कार्यालय में जमीन अपने नाम पर बैनामा करा ली।
कुछ दिनों बाद जब वादी संदीप शुक्ला अपनी खरीदी हुई जमीन पर निशानदेही करने पहुँचे, तो स्थानीय लोगों ने बताया कि उक्त भूमि वास्तव में किसी लाल बहादुर निषाद की है जो लंबे समय से गांव में नहीं रहता। जानकारी करने पर पता चला कि बैनामा कराने वाला व्यक्ति फर्जी था और उसके साथ धोखाधड़ी हुई है।
तहरीर पर केस दर्ज कर पुलिस ने तफ्तीश के बाद सैफुल्लागंज निवासी आरोपी राजदेव निषाद, पखनपुर निवासी श्याम राज वर्मा, हेमसिह का पुरवा रामनगर थाना धनपतगंज निवासी हरिप्रसाद उर्फ बिण्डल तथा धारू शाह का पुरवा रामनगर निवासी सत्यदेव उर्फ मन्त्री के खिलाफ धोखाधड़ी समेत अन्य आरोप में चार्जशीट दाखिल की । सोमवार को सीजेएम कोर्ट में वादी की मुख्य गवाही दर्ज की गई। अब इस प्रकरण में अभियोजन पक्ष की जिरह 17 नवम्बर को होगी। यह मामला न्यायालय और जनपद दोनों में चर्चा का विषय बना हुआ है।
पूर्व विधायक रामचंद्र चौधरी के केस में डेथ रिपोर्ट तलब
कादीपुर के पूर्व विधायक रामचंद्र चौधरी और अन्य आरोपियों पर विचाराधीन मुकदमे में सोमवार को विशेष कोर्ट में विशेष न्यायाधीश राकेश की अदालत ने अभियोजन गवाह इंजीनियर सिंह की मृत्यु आख्या तलब की गई है। बचाव पक्ष के वकील अरविंद सिंह राजा ने बताया मामले में सुनवाई के लिए 4 नवम्बर की तारीख नियत की गई है।
विशेष लोक अभियोजक वैभव पांडेय के मुताबिक मामला 17 दिसंबर 2002 का है, जब कादीपुर क्षेत्र स्थित संत तुलसीदास डिग्री कॉलेज के सामने सड़क दुर्घटना में छात्रा पूनम श्रीवास्तव की मौत हो गई थी।
आरोप है कि घटना से आक्रोशित होकर पूर्व विधायक रामचंद्र चौधरी, अभिषेक सिंह राणा, रामार्य पाठक समेत 14 लोगों ने उपद्रव किया। इस संबंध में तत्कालीन कोतवाल शिवराज सिंह की तहरीर पर बलवा समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज हुआ था। विवेचना उपरांत तत्कालीन सीओ कादीपुर विजय नारायण ने सभी 14 आरोपियों के खिलाफ चार्जशीट दाखिल की थी।
सराफा डकैती कांड में अब 6 नवम्बर को होगी अगली तारीख
बहुचर्चित सराफा डकैती कांड की सोमवार को निर्धारित सुनवाई न्यायाधीश के अवकाश पर रहने के कारण नहीं हो सकी। वादी सर्राफा व्यापारी भरतजी सोनी अदालत में हाजिर रहे, लेकिन कार्यवाही आगे नहीं बढ़ सकी। अदालत ने अब मामले की अगली सुनवाई के लिए 6 नवम्बर की तारीख तय की है। गौरतलब है कि 28 अगस्त 2024 को चौक ठठेरी बाजार स्थित भरतजी सोनी की ज्वेलरी दुकान में हथियारबंद डकैतों ने दिनदहाड़े लाखों रुपए के जेवरात लूट लिए थे। इस सनसनीखेज वारदात में पुलिस ने जांच के बाद मास्टरमाइंड विपिन सिंह समेत 12 आरोपियों के खिलाफ चार्जशीट दाखिल की थी।
डॉक्टर हत्याकांड में दो सप्ताह तक दण्डात्मक कार्यवाही पर रोक
संविदा चिकित्सक घनश्याम तिवारी हत्याकांड में आरोपी अजय नारायण सिंह के खिलाफ दंडात्मक कार्रवाई पर एडीजे प्रथम ने रोक लगाते हुए जारी वारंट को बिना तामील वापस करने का आदेश दिया है। आरोपी अजय नारायण सिंह के वकील अरविंद सिंह राजा ने आरोपी की ओर से हाईकोर्ट के आदेश की सत्य प्रतिलिपि दाखिल कर अनुपालन का अनुरोध किया गया था ।
न्यायाधीश संतोष कुमार ने निर्देश दिया कि आरोपी अजय नारायण सिंह के विरुद्ध दो सप्ताह तक किसी भी प्रकार की दण्डात्मक कार्यवाही न की जाए। यदि कोई कार्यवाही जारी की गई हो, तो उसे अदम तामीला वापस मंगाया जाए। अदालत ने अगली सुनवाई के लिए 31 अक्टूबर की तारीख नियत की है। गौरतलब है कि 23 सितंबर 2023 को संविदा चिकित्सक घनश्याम तिवारी की हत्या का मुकदमा दर्ज कराया गया था जिसमें अजय नारायण सिंह व दीपक सिंह के खिलाफ ट्रायल जारी है।
विजय नारायण हत्याकांड में गवाही टली
प्रॉपर्टी डीलर विजय नारायण सिंह हत्या काण्ड में एडीजे संतोष कुमार की कोर्ट ने अभियोजन के तीसरे गवाह संदीप कुमार के नहीं आने से सुनवाई छह नवम्बर के लिए टल गई। पीड़ित पक्ष के वकील अरविंद सिंह राजा ने बताया कि शहर के दरियापुर तिराहे पर सात अप्रैल 2024 की शाम हुए चर्चित हत्याकांड में अम्बेदकर नगर जिले का शूटर अजय सिंह सिलावट आरोपी है। वह रायबरेली जेल में बंद है।
