सुलतानपुर में विवादित बयानबाजी करने वाले CMS निलंबित... केस दर्ज, अस्पताल में अनियमितताओं का है आरोप
सुलतानपुर, अमृत विचारः बिरसिंहपुर स्थित सौ शैय्या संयुक्त चिकित्सालय के मुख्य चिकित्सा अधीक्षक (सीएमएस) डॉ. भास्कर प्रसाद का मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और राज्य सरकार के खिलाफ विवादित बयान वायरल होने के बाद मामला तूल पकड़ गया। शासन के निर्देश पर अयोध्या मंडल के एडी स्वास्थ्य डॉ. बृजेश कुमार सिंह चौहान रविवार को अस्पताल पहुंचे और करीब तीन घंटे तक जांच की। सीएमएस को शासन स्तर से निलंबित कर दिया गया। वहीं, मामले में भाजपा मंडल अध्यक्ष ने सीएमएस के खिलाफ जयसिंहपुर कोतवाली में केस भी दर्ज कराया है।
रविवार को एडी हेल्थ ने इमरजेंसी वार्ड का निरीक्षण किया था। मरीजों से बातचीत की और अस्पताल में फैली गंदगी देखकर नाराजगी जताई। इसके बाद उन्होंने बंद कमरे में सीएमएस से पूछताछ की। बाहर निकलते समय जब पत्रकारों ने सवाल किए, तो उन्होंने केवल “नो कमेंट्स” कहा। फिलहाल एडी हेल्थ की रिपोर्ट के आधार पर अपर मुख्य सचिव अमित कुमार घोष ने राज्यपाल की अनुशंसा पर सीएमएस डॉ. भास्कर प्रसाद को निलंबित कर दिया है और उन्हें अयोध्या मंडल से संबद्ध किया गया है। उन पर सरकार के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी, अस्पताल में अनियमितता और बायोमेडिकल वेस्ट प्रबंधन नियमों के उल्लंघन के आरोप लगे हैं।
क्या था मामला
शनिवार को आम आदमी पार्टी के पदाधिकारियों के द्वारा चल रहे धरना प्रदर्शन में सीएमएस पहुंचे थे। यहां वार्ता के दौरान सीएमएस ने कहा था “सीएमएस और सीएमओ की अर्थी क्यों निकालोगे, सरकार और योगी की अर्थी निकालो।” इस बयान का वीडियो वायरल होने पर स्थानीय विधायक राज प्रसाद उपाध्याय ने कार्रवाई की मांग की, जबकि राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने ट्वीट कर सरकार को घेरा।
इस बीच, भाजपा मंडल अध्यक्ष शोभनाथ यादव निवासी सहिनवा गोशैसिंहपुर ने रविवार की रात जयसिंहपुर थाने में शिकायत दर्ज कराई, जिसमें सीएमएस पर सरकार की छवि धूमिल करने का आरोप लगाया गया।सीओ जयसिंहपुर आर.के. चतुर्वेदी ने बताया कि मामले में केस दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है।
ये भी पढ़े :
छठ महापर्व एडवाइजरी: सहारनपुर DM के निर्देश..जनसुरक्षा, श्रद्धालुओं की सुविधा और दुर्घटनारहित आयोजन
