बाराबंकी : छात्रों की ऑनलाइन हाजिरी के आदेश का शिक्षक संघ करेगा विरोध, 1 नवंबर को होगा प्रदर्शन
बाराबंकी, अमृत विचार। परिषदीय एवं उच्च प्राथमिक विद्यालयों में छात्रों की ऑनलाइन हाजिरी देने के आदेश के खिलाफ उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ ने मोर्चा खोल दिया है। संगठन ने घोषणा की है कि एक नवंबर 2025 को जनपद मुख्यालय पर विरोध प्रदर्शन कर मुख्यमंत्री एवं बेसिक शिक्षा मंत्री को संबोधित ज्ञापन जिलाधिकारी के माध्यम से भेजा जाएगा।
जिलाध्यक्ष डॉ. राकेश सिंह ने बताया कि छात्रों की ऑनलाइन उपस्थिति दर्ज करने में शिक्षकों को अनेक व्यावहारिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। इस समस्या के समाधान के लिये संगठन ने कई माह पूर्व तत्कालीन मुख्य सचिव एवं विभागीय उच्च अधिकारियों को अवगत कराया था।
मुख्यमंत्री द्वारा तब मामले का संज्ञान लेकर मुख्य सचिव की अध्यक्षता में हुई वार्ता में ऑनलाइन हाजिरी प्रक्रिया पर अस्थायी रोक लगाने का आश्वासन दिया गया था। डॉ. सिंह ने कहा कि इसके बावजूद वर्तमान में विभागीय अधिकारियों द्वारा पुनः ऑनलाइन हाजिरी को लागू कराने के लिए अनुचित दबाव और कार्रवाई की धमकी दी जा रही है।
इसी संदर्भ में अखिल भारतीय प्राथमिक शिक्षक संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं प्रांतीय अध्यक्ष सुशील पांडे ने 24 अक्टूबर को अपर मुख्य सचिव, बेसिक शिक्षा को पत्र भेजकर शिक्षकों और छात्रों दोनों की कठिनाइयों से अवगत कराया था। उन्होंने बताया कि शासन और विभाग की ओर से अब तक कोई सकारात्मक पहल नहीं की गई है, जिसके चलते संगठन को आंदोलन का मार्ग अपनाना पड़ रहा है।
जिला मंत्री उमानाथ मिश्र, कोषाध्यक्ष राजेश श्रीवास्तव, वरिष्ठ उपाध्यक्ष एवं प्रांतीय संगठन मंत्री डॉ. देवेंद्र द्विवेदी, संयुक्त मंत्री सुनील त्रिपाठी और उपाध्यक्ष किरन विश्वकर्मा ने जनपद के शिक्षकों से बड़ी संख्या में प्रदर्शन और ज्ञापन कार्यक्रम में शामिल होने का आह्वान किया है ताकि शिक्षकों की समस्याओं की ओर शासन का ध्यान आकर्षित किया जा सके।
