बाराबंकी : मंत्री राही बोले- युवाओं को एक भारत और आत्मनिर्भर भारत के लिए करेंगे प्रेरित
सरदार पटेल की 150 वीं जयंती पर होंगे विविध कार्यक्रम
बाराबंकी, अमृत विचार। जनपद के प्रभारी मंत्री एवं राज्यमंत्री कारागार सुरेश राही की अध्यक्षता में सोमवार को सरदार@150 एक भारत आत्मनिर्भर भारत अभियान के आयोजन के संबंध में विशेष बैठक आयोजित की गई।
बैठक में भाजपा जिलाध्यक्ष अरविंद मौर्य, एमएलसी एवं जिला प्रभारी इंजीनियर अवनीश सिंह पटेल, एमएलसी अंगद सिंह, विधायक दिनेश रावत, जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी, पुलिस अधीक्षक अर्पित विजयवर्गीय, मुख्य विकास अधिकारी अन्ना सुदन सहित जनपद स्तरीय अधिकारीगण उपस्थित रहे।
प्रभारी मंत्री सुरेश राही ने बताया कि युवा कार्यक्रम और खेल मंत्रालय ने माई भारत के माध्यम से विकसित भारत पदयात्राएं आयोजित की हैं, जिसका उद्देश्य युवाओं में राष्ट्रीय गौरव, समाज के प्रति जिम्मेदारी और एकता की भावना को मजबूत करना है। यह पहल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जनभागीदारी से राष्ट्र निर्माण के विजन से प्रेरित है।
उन्होंने बताया कि 6 अक्टूबर 2025 को सरदार@150 यूनिटी मार्च की शुरुआत हुई, जो लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती को समर्पित है। इस राष्ट्रव्यापी कार्यक्रम के माध्यम से युवाओं को एक भारत और आत्मनिर्भर भारत के आदर्श अपनाने के लिए प्रेरित किया जाएगा।
एमएलसी और जिला प्रभारी अवनीश सिंह पटेल ने कहा कि यह अभियान केवल एक पदयात्रा नहीं है, बल्कि भारत की आत्मा, उसकी एकता, विविधता और स्वाभिमान का जीवंत उत्सव है। यह पहल प्रधानमंत्री मोदी के विकसित भारत 2047 के लक्ष्य को साकार करने में युवाओं को आगे बढ़ाने का मजबूत मंच साबित होगी। दिनांक 31 अक्टूबर 2025 को जीआईसी ग्राउंड से पटेल तिराहे तक पदयात्रा का आयोजन किया जाएगा।
इसके बाद जनपद की प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में 8-10 किलोमीटर लंबी पदयात्राएं आयोजित की जाएंगी। इससे पहले स्कूल और कॉलेजों में निबंध, वाद-विवाद, नुक्कड़ नाटक, संगोष्ठी, योग शिविर, स्वदेशी मेला और स्वच्छता अभियान आयोजित होंगे। पदयात्रा के समापन पर सरदार पटेल की प्रतिमा पर श्रद्धांजलि, आत्मनिर्भर भारत शपथ, सांस्कृतिक कार्यक्रम और प्रमाणपत्र वितरण किया जाएगा। बैठक में सभी संबंधित अधिकारियों को अपने दायित्व का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
