कानपुर : लाल बंगला में जाम का कारण बन रहा ट्रांसफार्मर होगा शिफ्ट, विधानसभा अध्यक्ष ने केस्को एमडी और डीसीपी ट्रैफिक को बुलाकर दिए निर्देश

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

कानपुर, अमृत विचार। लाल बंगला में दिन के समय और शाम के वक्त वाहन काफी रेंग-रेंगकर चलते है। ऐसे में वाहन सवार लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। वहीं, कई बार विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना भी इस जाम में फंस चुके है। इसलिए उन्होंने जाम लगने की मुख्य वजह खोजी और उसके निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों को बुलाकर निर्देश दिए। 

लाल बंगला रोड और चौकी चौराहे के पास दिनभर जाम के हालत बने रहते हैं। जाम से निजात में चौकी के पुलिस कर्मी भी सफल नहीं हो पाते। सड़क तक दुकान आदि लगती और उसके बाद उन दुकानों पर आने वाले ग्राहक अपने वाहनों को सड़क पर ही खड़ाकर खरीददारी करते हैं।

वहीं, चौकी के पास ट्रांसफार्मर लगा होने की वजह से जाम की समस्या विकराल हो जाती है, जिसकी वजह से न सिर्फ मार्केट में आने वाले वाहन सवार लोगों, बल्कि क्षेत्र के लोगों को अपने घर में आने व जाने में काफी दिक्कत होती है। कई बार तो महिलाओं, युवतियों व पुरुषों का पैदल निकलना तक दूभर हो जाता है।

लाल बंगला चौकी के पास लगने वाले जाम के संबंध में क्षेत्र के लोगों ने विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना से मिलकर निस्तारण के संबंध में मांग की थी। इसपर जाम लगने की वजह भी क्षेत्र के लोगों ने बताई। इसके बाद विधानसभा अध्यक्ष ने खुद लाल बंगला चौकी के पास जाकर वास्तविकता को परखा और इसके बाद उन्होंने केस्को प्रबंधक निदेशक सैमुअल पॉल एन और डीसीपी ट्रैफिक अर्चना सिंह को बुलाया।

इनके साथ नगर निगम और केडीए के अधिकारियों को भी मौके पर तत्काल बुलाया। उन्होंने केस्को प्रबंध निदेशक से चौकी के पास स्थापित ट्रांसफार्मर को दूसरी जगह शिफ्ट करने निर्देश दिए। नगर निगम और केडीए अधिकारियों को अतिक्रमण पर नियंत्रण पाने के निर्देश दिए। वहीं, डीसीपी ट्रैफिक अर्चना सिंह से कहा कि कुछ ऐसा प्रबंध करें, कि जिससे की सड़क पर जाम न लगने पाएं।

संबंधित समाचार