अयोध्या में सप्त मंडप समेत सभी मंदिरों का निर्माण पूर्ण : चंपत राय

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

अयोध्या। श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र के महामंत्री चंपत राय ने सोमवार को बताया कि भव्य राम मंदिर परकोटे में स्थित शिव, गणेश, हनुमान, सूर्य, मां भगवती, मां अन्नपूर्णा एवं शेषावतार मंदिर का निर्माण पूर्ण हो चुका है और सभी मंदिरों पर ध्वजदंड और कलश स्थापना का कार्य भी संपन्न कर लिया गया है। 

उन्होंने बताया कि मंदिर परिसर में सप्त मंडप महर्षि वाल्मीकि, वशिष्ठ, विश्वामित्र, अगस्त्य, निषादराज, शबरी और ऋषिपत्नी अहिल्या को समर्पित का निर्माण भी पूरा हो गया है। इसके साथ ही संत तुलसीदास मंदिर, गिद्धराज जटायु और गिलहरी की प्रतिमाएं भी स्थापित कर दी गई हैं, जो रामकथा के भावनात्मक प्रसंगों को जीवंत करती हैं। दर्शनार्थियों की सुविधा से जुड़े कार्य भी लगभग पूर्ण हो चुके हैं। 

राय ने बताया कि परिसर में सड़क और फ्लोरिंग पर पत्थर बिछाने, भूमि सौंदर्यीकरण और हरियाली बढ़ाने का कार्य तेजी से चल रहा है। दस एकड़ क्षेत्र में पंचवटी निर्माण की प्रक्रिया भी अंतिम चरण में है।

इसके अलावा लगभग साढ़े तीन किलोमीटर लंबी बाउंड्री वॉल, ट्रस्ट कार्यालय, अतिथि गृह और सभागार के निर्माण कार्य भी प्रगति पर हैं। श्रीराम जन्मभूमि परिसर में निर्माण कार्यों की यह प्रगति आगामी ध्वजारोहण की तैयारी को और गति प्रदान कर रही है।

संबंधित समाचार