सरकार ने गरीबों के उत्थान को ऐतिहासिक कार्य किए: धर्मपाल सिंह

Amrit Vichar Network
Edited By Muskan Dixit
On

लखनऊ, बख्शी का तालाब, अमृत विचार : भाजपा के प्रदेश संगठन महामंत्री धर्मपाल सिंह ने सोमवार को बख्शी का तालाब में स्थित एक निजी लॉन में आयोजित बूथ स्तरीय कार्यकर्ता बैठक को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि “बूथ पर काम करने वाला कार्यकर्ता ही संगठन की असली शक्ति और भाजपा की जीत का आधार है।”

धर्मपाल सिंह ने कहा कि पार्टी की विजय का मंत्र “बूथ जीता तो चुनाव जीता” है, और इसी लक्ष्य को ध्यान में रखकर प्रत्येक कार्यकर्ता को अपने बूथ पर सक्रिय रहना चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक बूथ अध्यक्ष के पास अपने क्षेत्र के सभी वरिष्ठ, वर्तमान एवं पूर्व पदाधिकारियों तथा मोर्चा-प्रकोष्ठों के प्रतिनिधियों की सूची होनी चाहिए, ताकि संगठनात्मक कार्यक्रमों और अभियानों में सभी की भागीदारी सुनिश्चित की जा सके।

प्रदेश महामंत्री ने मंडल अध्यक्षों एवं पदाधिकारियों के साथ बैठक कर पार्टी के चल रहे अभियानों की समीक्षा की और आगामी संगठनात्मक गतिविधियों पर विस्तृत चर्चा की। उन्होंने कहा कि भाजपा की सबसे बड़ी ताकत उसका जमीनी कार्यकर्ता है, जो बूथ स्तर पर पार्टी की नीतियों और सरकार की योजनाओं को जनता तक पहुँचाने का काम करता है। धर्मपाल सिंह ने सभी पदाधिकारियों से आह्वान किया कि वे नियमित रूप से बूथ समितियों, पन्ना प्रमुखों और स्थानीय जनता से संवाद बनाए रखें, ताकि संगठन और जनता के बीच समन्वय और मजबूत हो।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में भाजपा सरकार ने गांव, गरीब, किसान, वंचित, दलित और पिछड़ों सहित समाज के सभी वर्गों के उत्थान हेतु अनेक ऐतिहासिक कार्य किए हैं। उन्होंने कहा कि “हमारे पास उपलब्धियों का भंडार है, आवश्यकता है तो केवल उन्हें जनता तक पहुँचाने की। कार्यकर्ता सक्रिय रहकर इन योजनाओं का प्रचार-प्रसार करें, ताकि जनता महसूस करे कि भाजपा सरकार ने उनके जीवन में वास्तविक परिवर्तन किया है।”उन्होंने कहा कि “भाजपा सरदार पटेल के आदर्शों से प्रेरित होकर भारत को एकता, अखंडता और विकास के मार्ग पर निरंतर आगे बढ़ाने के लिए संकल्पबद्ध है।इस अवसर पर प्रदेश उपाध्यक्ष एवं जिला प्रभारी लखनऊ त्र्यंबक त्रिपाठी जिले के भाजपा जिला अध्यक्ष विजय कुमार मौर्य, क्षेत्रीय विधायक योगेश शुक्ला पूर्व जिला अध्यक्ष विनय प्रताप सिंह, श्री कृष्णा लोधी, रामनिवास यादव, दिनेश तिवारी जिला मीडिया प्रभारी विवेक सिंह एवं पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारी मंडल अध्यक्ष पदाधिकारी गण एवं सभी बूथ अध्यक्ष उपस्थित रहे।

संबंधित समाचार