पांच प्रमुख सरकारी भवन बनेंगे दिव्यांग हितैषी... सुगम्य भारत अभियान के तहत 12 करोड़ रुपये से अधिक की धनराशि स्वीकृत
लखनऊ, अमृत विचार : वित्तीय वर्ष 2025-26 में सुगम्य भारत अभियान के दूसरे चरण के तहत राजधानी लखनऊ के पांच प्रमुख सरकारी भवनों को दिव्यांग हितैषी बनाने का निर्णय लिया गया है। इसके लिए 12 करोड़ रुपये से अधिक की धनराशि स्वीकृत की गई है। इस पहल से दिव्यांगजनों के लिए सरकारी भवनों तक सहज पहुंच सुनिश्चित होगी और शासन के “समान अवसर, समान सुविधा” के संकल्प को मजबूती मिलेगी।
दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग की पहल पर जिन भवनों का चयन किया गया है, उनमें योजना भवन (हैवलॉक रोड), सिंचाई भवन (कैन्ट रोड), जिला सेवायोजन कार्यालय (लालबाग), विकास अनुवेषण एवं प्रशिक्षण प्रभाग (कालाकांकर हाउस) और सूडा नवचेतना केंद्र (अशोक मार्ग) शामिल हैं। इन भवनों में एक्सेस ऑडिट रिपोर्ट के अनुसार रैंप, लिफ्ट, ब्रेल साइनेज, व्हीलचेयर फ्रेंडली सैनिटरी यूनिट्स और विशेष पार्किंग जैसी सुविधाएं विकसित की जाएंगी।
दृष्टिबाधितों के लिए ब्रेल लिपि में संकेत और श्रवणबाधितों के लिए साइन लैंग्वेज सपोर्ट एवं विशेष अलार्म सिस्टम भी लगाए जाएंगे। लिफ्ट का आकार इस तरह रखा जाएगा कि व्हीलचेयर सहित दो व्यक्ति आसानी से आ-जा सकें। केंद्र सरकार के सहयोग से योगी सरकार सुगम्य भारत अभियान को प्रदेशभर में गति दे रही है। यह प्रयास न केवल दिव्यांगजनों को सम्मानजनक जीवन प्रदान करेगा, बल्कि सरकारी संस्थानों को सभी नागरिकों के लिए सुलभ बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगा।
