छठ पर्व पर 46 विशेष ट्रेनों का संचालन, अयोध्या कैंट होकर गुजरेंगी ट्रेनें... बिहार, कोलकाता, गुजरात व महाराष्ट्र के लिए होगा संचालन
अयोध्या, अमृत विचार। छठ पर्व के अवसर पर यात्रियों की बढ़ती भीड़ को ध्यान में रखते हुए उत्तर रेलवे द्वारा यात्रियों की सुविधा एवं उनकी सुगम यात्रा सुनिश्चित करने हेतु विशेष प्रबंध किए जा रहे हैं। इसी क्रम में 28 अक्टूबर को लखनऊ मंडल से नियमित ट्रेनों के अतिरिक्त कुल 46 विशेष ट्रेनों का संचालन किया जा रहा है। ये सभी ट्रेनें लखनऊ, वाराणसी, बाराबंकी, अयोध्या कैंट, सुलतानपुर, प्रतापगढ़, शाहगंज, रायबरेली एवं उन्नाव से होकर गुजरेंगी।
लखनऊ मंडल के सीनियर डीसीएम कुलदीप तिवारी ने बताया कि इन विशेष ट्रेनों में से अधिकतम ट्रेनें बिहार, झारखंड और पूर्वी भारत की दिशा में चलाई जा रही हैं। इनमें से 20 ट्रेनें बिहार की दिशा में संचालित होंगी। शेष ट्रेनें कोलकाता, हावड़ा, दिल्ली, जयपुर, गुजरात (अहमदाबाद, सूरत) एवं मुंबई जैसी महत्वपूर्ण दिशाओं के लिए संचालित होंगी। रेलवे प्रशासन द्वारा ट्रेनों के समय, मार्ग एवं ठहराव की जानकारी रेलवे की आधिकारिक वेबसाइट एवं स्टेशन सूचना पटल पर उपलब्ध कराई जा रही है। उन्होंने यात्रियों से अपील की कि अधिक भीड़ से बचने के लिए अपनी यात्रा की अग्रिम योजना बनाएं, वैध टिकट लेकर ही यात्रा करें तथा स्टेशन पर साफ-सफाई बनाए रखने में सहयोग करें।
