जॉगर्स पार्क में बनेगा पहला ग्लो गार्डेन... 10 करोड़ से होगा विकास कार्य, जानें क्या होंगे बदलाव

Amrit Vichar Network
Edited By Muskan Dixit
On

लखनऊ, अमृत विचार : हरदोई रोड स्थित जॉगर्स पार्क में लखनऊ का पहला ‘ग्लो गार्डेन’ बनेगा। एक तरफ गोबो इफेक्ट के माध्यम से तरह-तरह की चमकदार आकृतियां प्रदर्शित होंगी तो दूसरी तरफ पेड़, पक्षी, फूल व जानवरों के मॉडल स्थापित किए जाएंगे। ये खास तरह की लाइटों से लैस किए जाएंगे। रात में रंग बिरंगी रोशनी में नहाये ये मॉडल यहां आने वालों को आकर्षित करेंगे।

लखनऊ विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने सोमवार को बसन्तकुंज योजना स्थित जॉगर्स पार्क का निरीक्षण करके ग्लो गार्डेन विकसित करने के निर्देश दिये। इसी के साथ पार्क में सिविल, हॉर्टीकल्चर व सौंदर्यीकरण के विभिन्न काम कराये जाएंगे, जिससे यह पार्क नई थीम में उभर कर सामने आएगा। उपाध्यक्ष ने बताया कि जॉगर्स पार्क लगभग 17.5 एकड़ क्षेत्रफल में फैला हुआ है। पूरे क्षेत्र में यह पार्क काफी लोकप्रिय है और बड़ी संख्या में लोग यहां घूमने, खेलने और मॉर्निंग वॉक के लिए आते हैं। इसे ध्यान में रखते हुए पार्क को एक खास तरह की थीम पर विकसित करेंगे।

इसके अंतर्गत लगभग 10 करोड़ रुपये की लागत से पार्क में विकास कार्य कराये जाएंगे। इसमें पशु-पक्षियों, फूल-पौधों आदि के लाइटिंग मॉडल लगाए जाएंगे। इसके अलावा कटआउट पैनल से लाइटिंग के माध्यम से गोबो इफेक्ट वाली आकर्षक आकृतियां प्रदर्शित की जाएंगी। साथ ही आकर्षक डिजाइन वाली बोलार्ड लाइट्स लगाई जाएगी।

12 योग मुद्रा वाले स्कल्पचर्स लगेंगे

जॉगर्स पार्क में लोगों की सुविधा के लिए ओपन जिम व योगा हट बनाया जा रहा है, जिसके पास 12 योग मुद्रा वाले स्कल्पचर्स लगाए जाएंगे। वहीं, बच्चों के लिए किड्स प्ले एरिया विकसित किया जाएगा, जिसमें सुंदर डिजाइन के झूले व खेल उपकरण लगाए जाएंगे। पार्क में पांच वॉटर बॉडी हैं। इनमें नए फाउंटेन लगवाए जाएंगे, जोकि पार्क की सुंदरता को बढ़ाएंगे। इसके अलावा लगभग 800 मीटर लंबा जॉगिंग ट्रैक जलभराव से जगह-जगह क्षतिग्रस्त हो गया है। अब इस पूरे जॉगिंग ट्रैक की मरम्मत कराकर इसे सुदृ़ढ़ करने का काम किया जा रहा है। इसके अंतर्गत जॉगिंग ट्रैक की ऊंचाई बढ़ाई जाएगी, जिससे भविष्य में जलभराव की स्थिति नहीं उत्पन्न होगी। इस क्रम में पार्क के इंट्रेस प्लाजा को भी अपग्रेड किया जाएगा। साथ ही उत्तर दिशा में एक नया प्रवेश द्वार बनाया जाएगा।

संबंधित समाचार