Rampur: तेज रफ्तार डंपर की चपेट में आने से 8 साल बच्चे की मौत  

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

रामपुर/टांडा, अमृत विचार। टांडा थाना क्षेत्र के गांव यूसुफ नगर में मंगलवार सुबह दर्दनाक हादसा हो गया। तेज रफ्तार डंपर की चपेट में आने से एक आठ साल के बालक की मौत हो गई। गुस्साए ग्रामीणों ने ट्रक में तोड़फोड़ की, शव को सड़क पर रखकर छितरिया सीकमपुर मार्ग जाम कर दिया। पुलिस ने ग्रामीणों को समझा-बुझाकर बच्चे के शव का पोस्टमार्टम कराया और परिजनों का सौंप दिया। दर्दनाक हादसे के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

टांडा क्षेत्र के यूसुफ नगर निवासी अकरम का बेटा मोहम्मद अर्श (8 वर्ष) गांव स्थित जनता पब्लिक स्कूल में कक्षा-3 का छात्र था। मंगलवार दोपहर करीब 12 बजे अर्श किराना की दुकान से कॉपी लेकर घर लौट रहा था। तभी पीछे से तेज रफ्तार डंपर ने उसे टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि बालक दूर जा गिरा। उसके सिर में गंभीर चोट लगने से मौके पर ही उसकी मौत हो गई। टक्कर की आवाज सुनते ही आसपास के ग्रामीण और परिजन घटनास्थल की ओर दौड़े। उन्होंने ट्रक को घेर लिया, लेकिन तब तक चालक मौके से फरार हो गया।

ग्रामीणों ने ट्रक में तोड़फोड़ की। शव को सड़क पर रखकर छितरिया सीकमपुर मार्ग जाम कर दिया। ग्रामीणों की मांग थी कि आरोपी चालक को जल्द गिरफ्तार किया जाए। पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा दिया जाए। साथ ही उन्होंने गांव से भारी वाहनों का आवागमन रोकने की भी मांग की। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। लोगों को समझा-बुझाकर शांत कराया। परिजनों को शीघ्र कार्रवाई का आश्वासन देकर जाम खुलवाया और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। इसके बाद परिजनों ने बच्चे के शव को नम आंखों से सुपुर्द ए खाक कर दिया।  

परिजनों पर टूटा गमों का पहाड़
परिजनों ने बताया कि अकरम के दो ही बच्चे थे। एक बेटा और एक बेटी, बेटे अर्श की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। सभी का रो रोकर बुरा हाल है। हादसे के बाद मौके पर काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा था। कोतवाली प्रभारी संदीप मिश्रा ने बताया कि परिजनों की ओर से तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।

संबंधित समाचार