बाराबंकी में राष्ट्रीय पक्षी मोर का शिकार: पकड़ा गया आरोपी, जाल में फसें घायल मोर का इलाज कर रही डॉक्टरों की टीम
बाराबंकी, अमृत विचार। फतेहपुर वन रेंज अंतर्गत ग्राम पंचायत नंदउपारा में मंगलवार सुबह राष्ट्रीय पक्षी मोर का शिकार कर उसे जाल में फंसा लिया गया। खबर फैलते ही क्षेत्र में हड़कंप मच गया। ग्रामीणों की सतर्कता से एक युवक को मौके पर पकड़ा गया, जबकि उसके दो साथी भागने में सफल हो गए। पकड़े गए युवक ने अपना नाम करन पुत्र मेवालाल निवासी जगजीवनापुर मजरा सूरतगंज थाना मोहम्मदपुर खाला बताया।
करन ने स्वीकार किया कि वह अपने दो साथियों के साथ खरगोश पकड़ने के लिए जाल बिछा रहा था, लेकिन उसी दौरान एक मोर उस जाल में फंस गया। आरोप है कि तीनों ने मोर को बोरी में भरने की कोशिश की, तभी खेत में काम कर रहे फुरकान पुत्र अमजद निवासी मीरपुर ने यह देख ग्रामीणों को सूचना दी। बड़ी संख्या में पहुंचे ग्रामीणों ने एक आरोपी को पकड़ लिया। दो साथी मौके से फरार हो गए।
इसकी जानकारी डायल 112 व स्थानीय पुलिस चौकी सुढ़ियामऊ को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस टीम आरोपी करन को हिरासत में लेकर थाने चली गई। ग्रामीणों का कहना है कि पहले नंदउपारा क्षेत्र में सैकड़ों की संख्या में मोर दिखाई देते थे, लेकिन अब उनकी संख्या बहुत कम रह गई है।
आरोप है कि खरगोश व अन्य पक्षियों के बहाने लंबे समय से मोरों का अवैध शिकार किया जा रहा है। वन क्षेत्राधिकारी पीके सिंह ने बताया कि वन विभाग की टीम को मौके पर भेजा गया। मौके से घायल मोर बरामद हुआ, जिसका इलाज पशु चिकित्सकों की टीम द्वारा कराया जा रहा है।
