बाराबंकी : रेप केस में सुलह का दबाव, पीड़िता को धमकाया

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बाराबंकी, अमृत विचार। सुबेहा थाना क्षेत्र में महिला से दुष्कर्म को लेकर चल रहे मुकदमे में जबरन सुलह करने का दबाव बनाया गया। विरोध करने पर आरोपियों ने जान से मारने की धमकी दी है। क्षेत्र अंतर्गत कस्बा की रहने वाली एक महिला ने पुलिस अधीक्षक को शिकायती पत्र देकर कहा है कि आरोपी अनिल कुमार पुत्र राजकुमार ने उसके साथ जबरन दुष्कर्म किया था, इस संबंध में उसने 12 मार्च 2020 को सतरिख थाना में रिपोर्ट दर्ज कराई थी।

मामले में अनिल जेल गया जबकि एक अन्य आरोपी मेड़ीलाल का नाम पुलिस ने मुकदमे से बाहर कर दिया। जेल से बाहर आते ही आरोपी व उसके परिजन लगातार समझौता करने का दबाव बना रहे हैं। आरोप है कि 13 अक्तूबर को अनिल कुमार, उसकी पत्नी व सहयोगी मेड़ीलाल समेत कई लोग पीड़िता के घर पहुंचे और गाली देने का विरोध करने पर लाठी-डंडों से पिटाई कर दी। शोर सुनकर आसपास के लोग इकट्ठा हुए तो सभी आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए भाग गए।

पीड़िता के अनुसार थाना पुलिस इस मामले में कोई कार्रवाई नहीं कर रही है। इस संबंध में थानाध्यक्ष सुबेहा कृष्णकांत सिंह का कहना है कि महिला व आरोपी के बीच पहले संबंध रहे हैं। आरोपी के विवाह के बाद दूरियां बढ़ गईं। महिला ने रेप का मुकदमा दर्ज करा दिया। आरोपी पर दबाव बनाने के लिए शिकायत की जा रही है।

संबंधित समाचार