पीलीभीत: बिना छापा लगी बोरियों में धान, टोकन सिस्टम में भी मनमानी..सराय सुंदरपुर क्रय केंद्र पर गुस्साया किसान!
पीलीभीत, अमृत विचार: ग्रामीण अंचलों के क्रय केंद्रों पर भी अव्यवस्थाएं दूर नहीं हो पा रही हैं। सराय सुंदरपुर गांव में समिति परिसर में संचालित पीसीयू के क्रय केंद्र पर भी जिम्मेदारों पर आरोप लग रहे हैं। एक किसान ने इसे लेकर विरोध भी जताया। बोरियों पर बिना छापा के ही तौल कराए जा रहे धान को भरा जा रहा था। खास बात थी कि केंद्र प्रभारी इसे सही करार देते रहे और अधिकारियों ने इसे गलत बताया। साथ ही किसान का कहना था कि वह दो दिन से इंतजार कर रहे हैं और उनका नंबर आगे बढ़ा दिया गया है। लोगों को कॉल कर संपर्क करके उनके टोकन नंबर पहले जारी कर दिए गए हैं। जबकि उनके धान की ट्रैक्टर ट्रॉलियां भी नहीं आ सकी है।
बता दें कि धान खरीद के लिए पीसीयू क्रय एजेंसी का केंद्र सराय सुंदरपुर गांव में समिति परिसर में स्थापित किया गया है। इसमें कई दिनों से धीमी गति से तौल का शोर मचा हुआ है। क्रय केंद्रों पर मुहैया कराई गई बोरियों में छापा लगाने के बाद खरीदे गए धान को रखने के निर्देश दिए गए हैं। मगर, यहां पर केंद्र प्रभारी की ओर से इसका पालन ही नहीं कराया जा रहा था। खास बात थी कि इसे लेकर उनको जानकारी भी नहीं थी। परिसर में ही धान की तौल मंगलवार को चल रही थी। परिसर में मौजूद मथना गांव के किसान हरदेव सिंह का कहना था कि वह दो दिन से अपना धान लेकर क्रय केंद्र पर तौल का इंतजार कर रहे हैं। मगर उनका नंबर अभी तक नहीं आया है। इसकी प्रशासनिक अधिकारियों से भी कॉल कर वह शिकायत कर चुके हैं। ये आरोप लगाया कि केंद्र प्रभारी जिन लोगों के धान परिसर में नहीं है। उनको कॉल करके बुला रहे हैं और टोकन नंबर भी उनको पहले दिया जा रहा है। इधर, केंद्र प्रभारी का कहना था कि तौल नियमानुसार कराई जा रही है। पूर्व में कुछ लोग धान लेकर आए थे और वापस चले गए थे। इसलिए अब उनको कॉल करके नंबर लगा लिया गया है। इसे लेकर किसान और केंद्र प्रभारी के बीच कहासुनी भी हुई। फिर मामला डिप्टी आरएमओ तक पहुंचा। डिप्टी आरएमओ वीके शुक्ला ने बोरियों में छापा लगाने के बाद ही धान भरने के निर्देश दिए। साथ ही टोकन के हिसाब से धान की तौल कराने पर जोर दिया। उनका कहना है कि वह खुद भी केंद्र पर पहुंचकर निरीक्षण करेंगे।
