काशी के घाटों पर संगीत, नृत्य और लोक कला का होगा संगम, गंगा महोत्सव में नामचीन कलाकार देंगे प्रस्तुति
देव दीपावली से पहले काशी गंगा महोत्सव में हंसराज रघुवंशी बिखेरेंगे जलवा
लखनऊ, अमृत विचार: मां गंगा के पावन तट पर इस बार दीपों की जगमगाहट से पहले भक्ति, संगीत और कला की दिव्यता बिखरेगी। गंगा महोत्सव-2025 का आयोजन 1 से 4 नवंबर तक काशी में किया जाएगा, जिसमें देशभर के नामचीन कलाकार अपनी प्रस्तुति देंगे। देव दीपावली से पहले काशी गंगा महोत्सव में हंसराज रघुवंशी भक्ति गीतों का जलवा बिखेरेंगे।
योगी सरकार की पहल पर यह आयोजन न केवल काशी की प्राचीन सांस्कृतिक विरासत को पुनर्जीवित करेगा, बल्कि ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ की भावना को भी साकार करेगा। चार दिवसीय महोत्सव में भजन गायक हंसराज रघुवंशी अपने सुरों से श्रद्धा और भक्ति का भाव जगाएंगे। वहीं पद्मश्री मालिनी अवस्थी उत्तर भारत की लोक परंपराओं को अपने गायन से जीवंत करेंगी और पद्मश्री गीता चन्द्रन भरतनाट्यम नृत्य से भारतीय नृत्य परंपरा की गरिमा दिखाएंगी। राजघाट और नामो घाट पर आयोजित यह महोत्सव संगीत, नृत्य और लोक कलाओं का अद्भुत संगम बनेगा।
संयुक्त निदेशक पर्यटन दिनेश कुमार ने बताया कि गंगा महोत्सव में हर दिन संगीत और नृत्य की स्वर लहरियां गूंजेंगी। महोत्सव का उद्देश्य काशी की सांस्कृतिक पहचान को विश्वपटल पर स्थापित करना है। आयोजन के तहत शाम 4 बजे से आरंभ होने वाले कार्यक्रमों में देशभर के प्रख्यात कलाकार भाग लेंगे।
