वाराणसीः बिजली मीटरों से छेड़छाड़ करने वालों की खौर नहीं... विभाग कर रही कार्रवाई की तैयारी 

Amrit Vichar Network
Edited By Muskan Dixit
On

वाराणसी। उत्तर प्रदेश के वाराणसी में बिजली विभाग विद्युत मीटरों में छेड़छाड़ करने वाले उपभोक्ताओं के खिलाफ कार्रवाई की तैयारी कर रहा है। मुख्य अभियन्ता (वितरण) क्षेत्र-प्रथम ने बुधवार को बताया कि रात में डेढ़ हजार स्मार्ट मीटरों की खपत शून्य हो जाती है और दिन में मीटर का उपयोग किया जाता है। ऐसे लोग रात में बाईपास करके बिजली चोरी करते हैं। इस विषय को संज्ञान में लेकर आगे कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। उन्होने बताया कि कई उपभोक्ता ऐसे भी हैं, जिनका संयोजन घरेलू श्रेणी में निर्गत है, जबकि वे वाणिज्यिक श्रेणी में प्रयोग करते पाए गए। ऐसे संयोजनों का तत्काल घरेलू श्रेणी से वाणिज्यिक श्रेणी में परिवर्तन कर दिया गया है। 

उन्होंने यह भी बताया कि मंडल के अधीनस्थ वितरण खंडों के अधिशासी अभियंताओं को निर्देश दिए गए हैं कि ऐसे क्षेत्रों में उपभोक्ताओं को चिह्नित करते हुए विभागीय जांच टीम का गठन कर रात्रि और प्रातःकालीन छापेमारी कराते हुए अनियमितता करने वाले उपभोक्ताओं पर विभागीय नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करें। 

इसके अलावा मंडल के अधीनस्थ वितरण खंडों के अधिशासी अभियंताओं को भी निर्देश दिए गए हैं कि ऐसे उपभोक्ताओं को चिह्नित करना सुनिश्चित करें, जिनके मीटर की खपत रात के समय में नगण्य है। तदुपरांत विभागीय जांच टीम का गठन कर प्रातः कालीन छापेमारी करते हुए अनियमितता करने वाले उपभोक्ताओं पर विभागीय नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करें। 

संबंधित समाचार