UP SIR: कानपुर में SIR के काम में लगेंगे 3620 बीएलओ... घर घर जाएंगे
कानपुर, अमृत विचार। भारत निर्वाचन आयोग के दिशा निर्देश पर जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह द्वारा अपने शहर के 3620 बीएलओ को एसआईआर के लिए प्रशिक्षित किया गया है। ये बीएलओ 4 नवंबर 2025 से शहर में आरंभ हो रहे एसआईआर 2026 (मतदाता सूची की विशेष सघन पुनरीक्षण) के कार्य में जुटेंगे।
जिला निर्वाचन अधिकारी/जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि विशेष सघन पुनरीक्षण 2026 के अंतर्गत 01 जनवरी, 2026 को 18 वर्ष पूर्ण करने वाले सभी नागरिक पंजीकरण के पात्र होंगे। तैयारी, प्रशिक्षण और मुद्रण का चरण 28 अक्तूबर, 2025 से 03 नवम्बर, 2025 तक निर्धारित है। घर-घर सत्यापन 04 नवम्बर, 2025 से 04 दिसम्बर, 2025 तक होगा। मतदान केंद्रों का आवश्यक पुनर्गठन 04 दिसम्बर, 2025 तक पूर्ण किया जाएगा।
प्रारूप मतदाता सूची 09 दिसम्बर, 2025 को प्रकाशित होगी। दावे और आपत्तियां 09 दिसम्बर, 2025 से 08 जनवरी, 2026 तक प्राप्त की जाएंगी तथा उनका निस्तारण 09 दिसम्बर, 2025 से 31 जनवरी, 2026 तक किया जाएगा। अंतिम मतदाता सूची 07 फरवरी, 2026 को प्रकाशित होगी।
जिलाधिकारी ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग ने 01 जनवरी, 2026 की अर्हता तिथि मानकर मतदाता सूची का विशेष सघन पुनरीक्षण कराए जाने के निर्देश दिए हैं। जिलाधिकारी ने नगर के सभी पात्र नागरिकों, विशेष रूप से 18 वर्ष या उससे अधिक आयु के युवाओं से इस कार्यक्रम में सक्रिय भागीदारी का आह्वान किया।
