Bareilly: एसआईआर से मतदाता सूची अधिक निष्पक्ष और पारदर्शी होगी

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी ने कहा है कि एसआईआर (विशेष गहन पुनरीक्षण) निश्चित रूप से भारत के निर्वाचन आयोग ने मतदाता सूची को अधिक पारदर्शी और सटीक बनाने के लिए प्रारंभ किया है। अपनी मतदाता सूची को ठीक करने का चुनाव आयोग ने बड़ा कदम उठाया है। आयोग ने पूरे देश में एसआईआर लागू करने का जो निर्णय लिया है, भाजपा इस कदम और प्रक्रिया का स्वागत करती है।

सर्किट हाउस में मंगलवार मीडिया से हुई बातचीत में भूपेंद्र सिंह चौधरी ने कहा कि एसआईआर लागू होने के बाद प्रक्रिया और पारदर्शी व निष्पक्ष होगी। यह जनभागीदारी, तकनीकी रूपता, विश्वसनीय आंकड़ों के लिए अनिवार्य कदम है। इस प्रकिया का हम सबको समर्थन करना चाहिए। प्रदेश अध्यक्ष ने कहा, बिहार में एसआईआर लागू होने के बाद राहुल गांधी और तेजस्वी यादव ने भ्रम फैलाने का अभियान चलाया, लेकिन जब ड्राफ्ट प्रकाशित हुआ, उसके बाद कोई प्रतिक्रिया नहीं आई, इससे ऐसा लगता है कि सांप सूंघ गया। 

यह लोग नकारात्मक एजेंडा चलाकर देश में भ्रम की स्थिति पैदा करने के साथ लोकतंत्र को कमजोर करना चाहते हैं। भूपेंद्र सिंह चौधरी ने कहा कि मतदाता सूची में ऐसे भी नाम होते हैं, जो मृतक हैं, मूलस्थान बदलकर दूसरी जगह चले गए हैं। यह प्रक्रिया है मतदाता सूची को दुरुस्त करने की, इसमें भ्रम फैलाने का विपक्ष का एजेंडा है, यह लोग कोई साक्ष्य नहीं दे पाएंगे, केवल भ्रम फैलाने के लिए इस तरह की बयानबाजी कर रहे हैं। इस मौके पर ब्रज क्षेत्र अध्यक्ष दुर्विजय सिंह शाक्य और जिलाध्यक्ष सोमपाल शर्मा मौजूद रहे।
अनैतिक काम करने वालों के खिलाफ होगी कार्रवाई

भूपेंद्र सिंह चौधरी ने कहा कि सरकार ने एयरपोर्ट पर सुविधाएं देने के लिए बेहतर प्रयास किया है। कई एयरपोर्ट पर छोटे-छोटे विमान शुरू हुए हैं। तालाब पर कब्जे, जमीनों पर कब्जे, अराजकता, गुंडागर्दी, दंगों की समर्थक कौन सी पार्टी रही है, यह हम सब जानते हैं। आज कानून का राज है। हम लोग अनैतिक काम करने वाले के साथ खड़े नहीं होते हैं, जो अनैतिक काम करेगा, सरकार उसके खिलाफ विधि पूर्वक कार्रवाई करेगी।  

संबंधित समाचार