कूड़ा जला तो ZSO होंगे जिम्मेदार... अतिक्रमण हटाने को मांगा सहयोग: अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश पटरी पर लाए सफाई व्यवस्था

Amrit Vichar Network
Edited By Anjali Singh
On

कानपुर, अमृत विचार। दीपावली और छठ पूजा के बीच में गड़बड़ाई सफाई व्यवस्था को नगर निगम तीन दिनों में पटरी पर लाएगा। बुधवार को महापौर प्रमिला पांडेय ने अधिकारियों के साथ बैठक कर सड़कों पर जमा कूड़े को अभियान चलाकर हटाने के निर्देश दिए। इसके साथ ही महापौर ने शहर के फुटपाथों और सड़कों पर अतिक्रमण को लेकर शहरवासियों का साथ भी मांगा। नगर आयुक्त से कहा कि आप इस संबंध में पुलिस आयुक्त से मिलें। ताकि, अतिक्रमण को हटाने के बाद दोबारा लगने से बचाया जा सके। महापौर ने शहरवासियों से कहा कि जितना शहर मेरा है उतना ही आपका इसलिए खुद अतिक्रमण करने से बचें। 

नगर निगम मुख्यालय स्थित समिति कक्ष में महापौर प्रमिला पाण्डेय एवं नगर आयुक्त अर्पित उपाध्याय की संयुक्त अध्यक्षता में वायु गुणवत्ता सुधार एवं अतिक्रमण के सम्बन्ध में बैठक हुई। महापौर प्रमिला पांडेय ने जमा कूड़े के सम्बन्ध में पूछा तो नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अमित सिंह ने बताया कि दीपावली तक सभी स्थानों से कूड़ा उठान हुआ था, लेकिन दीपावली के बाद छठ पूजा के कारण कई स्थानों पर कूड़ा उठान समय से नहीं हो पाया। 

इसलिये रबिश विभाग एवं स्वास्थ्य विभाग के वाहनों के समस्त वाहनों के साथ दिनांक 30 अक्टूबर से 01 नवम्बर तक लगातार 03 दिन तक सभी स्थानों से कूड़ा उठाया जायेगा। इण्डस्ट्रियल एरिया में प्रदूषण एवं खुले में कूड़ा जलाये जाने के सम्बन्ध में पूछे जाने पर अमित सिंह ने बताया कि नगर निगम को इसपर कार्रवाई करने का अधिकारी नहीं हैं। महापौर ने कहा कि प्रदूषण नियंत्रण अधिकारी को पत्र लिखें। 

उन्होंने जेडएसओ को निर्देशित किया गया है कि कूड़ा जलाते हुए पाये जाने पर जुर्माने की कार्यवाही कराये एवं यदि सफाई कर्मचारी द्वारा कूड़ा जलाया जाता है, तो उसके विरूद्ध दण्डात्मक कार्यवाही करें। महापौर ने निर्देशि दिया कि यदि क्षेत्र में कूड़ा जलते पाया गया कि मैं सम्बन्धित जेडएसओ के विरूद्ध कार्यवाही करूंगी। महापौर ने नगर आयुक्त अर्पित उपाध्याय से कहा कि सड़कों, फुटपाथों पर अतिक्रमण के सम्बन्ध में पुलिस आयुक्त से वार्ता कर जोन वाइज पुलिस टीम के साथ अतिक्रमण हटाये जाने की कार्यवाही की जाये। जहां से अतिक्रमण हटाया जाये वहॉ पहले एवं बाद की फोटो मुख्यमंत्री, पुलिस आयुक्त एवं जिलाधिकारी को भेजा जाए।

प्रदूषण को रोकने को करें छिड़काव

महापौर ने कहा कि दीपावली और छठ के बाद पटाखों की वजह से प्रदूषण बढ़ता ही है। पानी छिड़काव वाली मशीनों को क्षेत्रों में भेजा जाये, ताकि प्रदूषण पर रोकथाम हो सके। प्रदूषण एवं मलवा के सम्बन्ध में मुख्य अभियन्ता ‘सिविल’ सैय्यद फरीद अख्तर जैदी ने बताया कि सभी जोनल अभियन्ताओं को सभी प्रकार के सरकारी, निजी निर्माण कार्यो, फ्लैट इत्यादि का मलवा हटाये जाने, खुदाई के निरीक्षण के लिए आज ही निर्देशित कर रहे है। प्रभारी अधिकारी उद्यान दिवाकर भास्कर ने बताया कि इस वर्ष मियावाकी पद्धति से कुल एक लाख 05 हजार पौधे लगाये गये थे सभी पौधे जीवित है। मियावाकी से पौधे सरायमीता, हाइवे के किनारे इत्यादि लगाये गये है। 

वेन्टोलाइट मेटेरियल से जाम हो रहे सीवर

परमपुरवा, गोविन्द नगर क्षेत्रों मे मेट्रो के कारण सीवर भराव के सम्बन्ध में पूछे जाने पर मुख्य अभियन्ता ने बताया कि मेट्रो द्वारा वेन्टोलाइट मेटेरियल का उपयोग किया जाता है जो मिट्टी को पत्थर जैसा ठोस बना देता है, वही मेटेरियल सीवर लाइनो भर गया है, जिससे सीवर जाम की समस्या बनी रहती है। इस दौरान महापौर ने प्रभारी अधिकारी विज्ञापन विजय को निर्देशित किया कि शहर की हर सड़क, गली अवैध विज्ञापनों से पट गयी है, इसे तत्काल हटाये जाने की कार्यवाही कराये, सबसे पहले जिसमें मेरी फोटो लगी हो, उन विज्ञापनों को हटाये। 

महापौर ने अम्बा नर्सिंग होम सिविल लाइंस के पास होने वाले सीवर भराव के निस्तारण की जानकारी मांगी तो महाप्रबन्धक आनन्द कुमार त्रिपाठी ने  बताया कि जल निगम द्वारा 4-5 बार टेण्डर कराया जा चुका है, किन्तु कोई निविदा नही आ रही है। महापौर ने कहा निविदा नहीं आ रही है तो विभागीय स्तर पर कार्य कराया जाये। बैठक में अपर नगर आयुक्त मो. अवेश, जगदीश यादव, मुख्य नगर स्वास्थ्य अधिकारी मनमोहन आर्या, नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अजय संख्वार समेत अन्य अधिकारी रहे।

ये भी पढ़े : 
कानपुर में कचेहरी की बहुमंजिली इमारत से स्टेनो ने लगाईं छलांग...मौत, मां और नाना का आरोप, प्रताड़ना के कारण आत्महत्या  

संबंधित समाचार