UPPCL: प्रीपेड मीटर वाले उपभोक्ताओं को भी बना दिया बकाएदार, तकनीकी खामी बता झाड़ रहे पल्ला अधिकारी

Amrit Vichar Network
Edited By Anjali Singh
On

नीरज अभिषेक/लखनऊ, अमृत विचार: बिजली विभाग ने प्रीपेड मीटर वाले सैकड़ों उपभोक्ता को भी बकाएदार बना दिया है। समाधान के लिए उपभोक्ताओं ने हेल्पलाइन नंबरों पर शिकायत की, लेकिन कोई राहत नहीं मिली। परेशान उपभोक्ता उपकेंद्र अधिकारियों और कर्मचारियों के चक्कर लगा रहे हैं। दरअसल प्रीपेड मीटर में जितना रीचार्ज किया जाता है उतनी ही बिजली आपूर्ति को सुनिश्चित किया जाता है, लेकिन यहां ऐसे उपभोक्ताओं पर भी बड़ी बकाएदारी है। इस संबंध में मुख्य अभियंता ट्रांसगोमती वीपी सिंह ने कहा कि सिस्टम में तकनीकी खामी के कारण प्रीपेड मीटर पर बकाया दिख रहा होगा। अगर कोई भी उपभोक्ता इस समस्या से पीड़ित है, तो अधिकारियों से सीधे संपर्क कर सकता है। उपभोक्ता की शिकायत का तत्काल समाधान कराया जाएगा।

केस नंबर–1

उपभोक्ता: ज्योति मजूमदार
कनेक्शन नंबर: 822020151676
बकाया: लगभग ₹40,000

अमीनाबाद निवासी देबू ज्योति मजूमदार ने बताया कि उनकी दुकान पर प्रीपेड मीटर लगा हुआ है। रीचार्ज कराने गए तो विभागीय कर्मचारियों ने बताया कि पहले उन पर 40,000 का बकाया है, इस बिल को जमा करने पर यह मीटर रीचार्ज हो सकेगा। उन्होंने बताया कि उन्होंने लेसा की सभी हेल्पलाइन नंबरों पर शिकायत की, लेकिन अधिकारियों ने तकनीकी कारण बताकर कुछ करने में असमर्थता जता दी।

केस नंबर–2

उपभोक्ता: अंकित कुमार
कनेक्शन नंबर: 0243111111
बकाया: ₹17,000 से अधिक

अमित कुमार के अनुसार, “प्रीपेड कनेक्शन होने के बावजूद बकाया देखकर मैं हैरान रह गया। हेल्पलाइन 1912 पर शिकायत की तो बताया गया कि बकाया हटाने का कोई सिस्टम ही नहीं है। उपकेंद्र गए तो कर्मचारियों ने दबी जुबान में सुविधा शुल्क की बात कर बिल के समायोजन के लिए कहा गया।

शहर में हजारों उपभोक्ता प्रभावित

राजधानी लखनऊ में एक लाख से अधिक प्रीपेड उपभोक्ता हैं, जिनमें से बड़ी संख्या में लोगों के मीटर पर बकाया दिख रहा है। उपभोक्ताओं को कहा जा रहा है कि जब तक बकाया नहीं भरा जाएगा, तब तक रीचार्ज संभव नहीं है। इससे लोग विभागीय दफ्तरों और उपकेंद्रों के चक्कर काटने को मजबूर हैं।

सबसे अधिक प्रभावित क्षेत्र

जानकीपुरम विस्तार,अमीनाबाद, चौक, नादरगंज, मडियांव, तेलीबाग, चिनहट, सहादतगंज, मौलवीगंज, आलमबाग, अलीगंज, कानपुर रोड, उतरेठिया, बीकेटी, राजाजीपुरम, निशातगंज, महानगर, गुडंबा, आशियाना, बंगला बाजार और गोमती नगर विस्तार क्षेत्रों में सबसे अधिक शिकायतें सामने आई हैं।

ये भी पढ़े :
तिलक किया, चुनरी ओढ़ाई और गाय को खिलाया गुड़... गोपाष्टमी पर उप मुख्यमंत्री, पर्यटन मंत्री, विधायक और एमएलसी ने की गायों की पूजा

 

संबंधित समाचार