Bareilly : अनुवांशिक प्रवृत्ति बढ़ा सकती कैंसर का जोखिम, कराएं जांच
बरेली, अमृत विचार। बरेली ऑब्स्टेट्रिक एंड गायनेकोलॉजिकल सोसायटी व रोहिलखंड कैंसर इंस्टीट्यूट के संयुक्त तत्वावधान में बुधवार को स्तन कैंसर जागरूकता माह को लेकर आईएमए सभागार में सीएमई आयोजित हुई। कार्यक्रम की मुख्य वक्ता रोहिलखंड कैंसर इंस्टीट्यूट की रेडिएशन ऑन्कोलॉजिस्ट डॉ. अंकिता पांडेय ने स्तन कैंसर को लेकर व्याख्यान दिया। वहीं कार्यक्रम के संयोजक रोहिलखंड कैंसर इंस्टीट्यूट के निदेशक डॉ. अर्जुन अग्रवाल रहे।
सीएमई में डॉ. अंकिता पांडे ने बताया कि महिलाओं में स्तन कैंसर बहुत आम है। लेकिन स्व-परीक्षण, मैमोग्राफी और अल्ट्रासाउंड के ज़रिए स्तन कैंसर की शुरुआती जांच, समय पर पता लगाने के लिए बेहद ज़रूरी है। समय पर कैंसर का पता लगने पर उचित इलाज से कैंसर का मात दी जा सकती है। लेकिन देरी से डॉक्टर की सलाह लेना मरीज के लिए जानलेवा साबित हो सकता है।
बताया कि जिन महिलाओं के परिवार में कैंसर का इतिहास रहा है, उनके लिए नियमित जांच बेहद ज़रूरी है क्योंकि अनुवांशिक प्रवृत्ति कैंसर होने के जोखिम को काफ़ी बढ़ा सकती है। कार्यक्रम का शुभारंभ सोसायटी के पदाधिकारियों व रोहिलखंड कैंसर इंस्टीट्यूट के निदेशक डॉ. अर्जुन अग्रवाल ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। बरेली ऑब्स एंड गायनी सोसायटी की अध्यक्ष डॉ. लतिका अग्रवाल, सचिव डॉ. अनीता नाथ, बरेली इंटरनेशनल यूनिवर्सिटी की कुलपति डॉ. लता अग्रवाल, डॉ. प्रतिमा गुप्ता, डॉ. शांता अग्रवाल, डॉ. ऊषा जैन, डॉ. अनुजा सिंह, डॉ. रुचि श्रीवास्तव, डॉ. मीरा वैश्य, डॉ. नीला सिंह, डॉ. संध्या गंगवार, डॉ. रश्मि शर्मा व डॉ. मंजू गुप्ता मौजूद रहीं।
