Bareilly : सील तोड़कर कराई जा रही थी शादी...बीडीए ने मन्नत लॉन किया सील

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार। शहर में हुए बवाल के बाद बीडीए लगातार अवैध निर्माण के खिलाफ कार्रवाई कर रहा है। इसी क्रम में बुधवार देर शाम गोपनीय सूचना पर बीडीए की टीम ने पीलीभीत राेड स्थित मन्नत लॉन को सील कर दिया। हैरत की बात यह सामने आई कि जिस समय बीडीए की टीम पहुंची, लॉन में शादी का कार्यक्रम चल रहा था। फिलहाल टीम ने लॉन को सील कर दिया। इससे वहां लोगों में खलबली मच गई।

दरअसल, चार माह पहले बीडीए ने मानकों की अनदेखी करने पर लॉन को सील किया था, लेकिन मन्नत संचालक ने बीडीए की सील तोड़कर कार्यक्रम आयोजित करने शुरू करा दिए। बीडीए ने इसकी सूचना मिलने पर पुन: सील करने की कार्रवाई की गई। बरेली विकास प्राधिकरण (बीडीए) की टीम बुधवार की शाम मन्नत लॉन पर पहुंची तो अंदर कार्यक्रम चल रहा था। इस पर टीम ने दोबारा सीलिंग की कार्रवाई की। 

बीडीए की कार्रवाई से कार्यक्रम में अफरा-तफरी मच गई और शादी में शामिल लोगों को पीछे के दरवाजे से बाहर निकाला गया। बीडीए ने चार माह पहले मन्नत लॉन को नक्शे के विपरीत निर्माण और पार्किंग व्यवस्था न होने पर सील किया था। इसके बावजूद संचालक ने सील तोड़कर कार्यक्रम आयोजित किया। जानकारी मिलने पर बीडीए के संयुक्त सचिव दीपक कुमार के नेतृत्व में प्रवर्तन दल मौके पर पहुंचा। टीम ने सीलिंग की पुष्टि करते हुए रिपोर्ट तैयार की और सील दोबारा लगा दी।

बीडीए अधिकारियों का कहना है कि सील तोड़ना गंभीर अपराध है। इस संबंध में बारादरी थाना में एफआईआर दर्ज कराने के लिए तहरीर दी गई है। प्राधिकरण ने संचालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई के संकेत दिए हैं। इस संबंध में बीडीए के संयुक्त सचिव दीपक कुमार ने बताया कि मन्नत लॉन को 11 जून को नक्शे के विपरीत निर्माण और पार्किंग की व्यवस्था न होने पर सील किया गया था। इसके बावजूद सील तोड़कर शादी समारोह आयोजित किया जा रहा था। लॉन संचालक के खिलाफ थाने में तहरीर दी गयी है। संचालक के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई जाएगी।

 

संबंधित समाचार