Bareilly : गैर महिला से संबंधों का विरोध करती थी अनीता, भाई के साथ मिलकर अनिल ने रास्ते से हटा दिया
बरेली/नवाबगंज, अमृत विचार। नवाबगंज थाना क्षेत्र के ओम सिटी कॉलोनी में अनीता की हत्या किसी और ने नहीं बल्कि उसके पति अनिल कुमार अपने भाई सचिन के साथ मिलकर की थी। सचिन ने उसे पकड़ा था, जबकि, पति अनिल ने हसिया से उसका गला रेत कर हत्या की थी। वारदात को लूट दिखाने के लिए दोनों ने मिलकर शव को बेड में छिपाया था। पुलिस पति और देवर को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। उधर अनिता के भाई कृष्ण पाल ने पति अनिल कुमार, देवर सचिन, ससुर जमुना प्रसाद, सास व चचिया ससुर के खिलाफ दहेज हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई है।
हाफिजगंज के कमुआ गांव निवासी अनिल ने पिछले साल नवंबर में अनीता से प्रेम विवाह किया था। शादी के बाद दोनों अनिल के छोटे भाई सचिन के साथ कॉलोनी में किराए के मकान में रहने लगे थे। आरोप है कि फुफेरे भाई की साली अनीता से एक वर्ष पूर्व हुए प्रेम विवाह के बाद से ही मृतका के ससुराल पक्ष के लोग कार की मांग कर विवाहिता को प्रताड़ित करते थे। जब कि मृतका के भाई ने अपनी जमीन बेच कर विवाह में 14 लाख रुपये खर्च किया था। जिनमें 10 लाख नकदी और 4 अन्य कार्यों में खर्च किया था। मृतका का पति उसे धमका कर कई बार हजारो रुपये भी ऐंठ चुका था और मांग पूरी न होने से खिन्न होकर ही ससुरालियों ने उसकी गला रेत कर हत्या कर दिया। मृतका की मां कांती देवी ने बताया कि जब दोपहर को अनीता का फोन नहीं उठा तो उन्होने अपने दामाद अनिल को फोन भी किया लेकिन अनिल देखने तक नहीं पहुंचा। जबकि वह रोजाना घर के चक्कर लगाता था। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराते हुए परिजनों को सौंप दिया। परिजनों ने बुधवार की देर रात शव का अंतिम संस्कार किया। उधर पूछताछ में देवर और पति ने हत्या करने की बात को स्वीकार कर लिया है।
चार साल के रिश्ते का अंत खून में डूबा
पुलिस के अनुसार अनीता शादी से पहले अनिल के फुफेरे भाई की साली थी। दोनों करीब चार साल से एक दूसरे के संपर्क में थे। जो पिछले साल नवंबर में परिवार की सहमति से शादी किए थे। परिजनों का कहना है कि अनिल के किसी दूसरी महिला से भी संबध थे, जिसका अनीता विरोध करती थी। इससे दोनों के बीच झगड़े बढ़ने लगे थे। आए दिन दोनों के बीच विवाद होता रहता था। जबकि, अनिल पत्नी को लगातार सफाई पेश करता रहता था। लेकिन, वह शक के कारण आए दिन पति से लड़ाई करती थी। रोज-रोज के क्लेश के कारण परेशान होकर पति ने हत्या करने का फैसाला लिया।
खाकी वर्दी पहनने का अनीता को था जुनून
पुलिस को मिले सुरागों से पता चला कि अनीता शारीरिक रूप से काफी मजबूत थी और पुलिस भर्ती की तैयारी कर रही थी। घर में बिखरा सामान और मुड़ा हुआ हंसिया बयां कर रहा है कि उसने आखिरी सांस तक हमलावरों से मुकाबला किया। घटनास्थल पर रखा सामान तितर-बितर था। शुरू में पुलिस को यह दिखाने की कोशिश की गई कि बदमाश आए होंगे, लेकिन घर का सारा सामान मिल गया तो यह आशंका खारिज हो गई। लेकिन, इस बीच दरिंदों ने उसे आखिरकार मौत की नींद सुला दी। एसपी उत्तरी मुकेश चंद्र मिश्रा ने बताया कि शुरुआती जांच में पति की भूमिका संदिग्ध है। पूछताछ में कई अहम सुराग मिले हैं। गुरुवार तक मामले का खुलासा कर दिया जाएगा।
