अमेठी : बिना नोटिस के जुतवा दिया किसानों की 60 एकड़ फसल, नाराज किसान सड़क पर उतरे, हाईवे किया जाम

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

अमेठी, अमृत विचार। यूपी के अमेठी में जगदीशपुर के सेक्टर–B स्थित यूपीसीडा क्षेत्र में गुरुवार को प्रशासनिक कार्रवाई से हड़कंप मच गया। किसानों का आरोप है कि बिना किसी पूर्व सूचना या नोटिस के अधिकारियों ने उनकी करीब 60 एकड़ भूमि पर खड़ी पकी धान की फसल को जेसीबी से जुतवा दिया। अचानक हुई इस कार्रवाई से किसानों में भारी आक्रोश फैल गया।

फसल बर्बाद होने से नाराज़ किसानों ने कोयलारा रोड पर बारिश के बीच धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया। प्रदर्शनकारी किसानों का कहना है कि वे अभी तक अपनी भूमि का मुआवजा प्राप्त नहीं कर सके हैं, बावजूद इसके प्रशासन ने जबरन उनकी तैयार फसल नष्ट कर दी।

सूत्रों के अनुसार, भूमि विवाद का मामला वर्तमान में माननीय उच्च न्यायालय में विचाराधीन है, फिर भी यूपीसीडा द्वारा कार्रवाई कर दी गई। इससे किसानों में गहरी नाराज़गी है। मौके पर यूपीसीडा के अधिकारी, तहसीलदार राहुल सिंह, थाना अध्यक्ष करौली मुकेश पटेल तथा पीएसी बल मौजूद रहे और स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास करते रहे। 

किसानों ने कहा कि उन्होंने पूरे साल मेहनत कर धान की फसल तैयार की थी, लेकिन प्रशासन ने बिना पूर्व चेतावनी के बुलडोजर चला दिया। किसानों ने चेतावनी दी कि जब तक उन्हें न्याय और उचित मुआवजा नहीं मिलता, धरना जारी रहेगा।

स्थानीय ग्रामीणों ने भी घटना पर नाराज़गी जताते हुए कहा कि प्रशासन को पहले किसानों से वार्ता कर समाधान निकालना चाहिए था, न कि उनकी मेहनत की फसल को बर्बाद करना चाहिए था। इस घटना से क्षेत्र में रोष और तनाव का माहौल व्याप्त है, वहीं किसान संगठन इस कार्रवाई के खिलाफ बड़े आंदोलन की चेतावनी दे रहे हैं।

संबंधित समाचार