लखीमपुर खीरी : सीओ ऑफिस के पास व्यापारी के घर से 50 लाख से अधिक की चोरी
पलिया कलां, अमृत विचार। पलिया पुलिस की रात्रि गश्त की पोल एक बार फिर खुल गई। सीओ ऑफिस से महज कुछ कदम दूर दुधवा रोड पर स्थित एक व्यापारी के मकान का चोरों ने ताला तोड़ दिया। चोर सेफ, अलमारियों और बक्सों आदि को तोड़कर करीब 50 लाख रुपये के सोने-चांदी के जेवर और दो लाख रुपये की नगदी चोरी कर ले गए। इस वारदात के बाद नगर के व्यापारियों में चोरों का खौफ देखा जा रहा है। वहीं नगर की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस भी सवालों के घेरे में आ गई है।
दुधवा रोड निवासी बड़े व्यापारी रामचंद्र गुप्ता का मकान सीओ कार्यालय से चंद कदम की दूरी पर है। वह और उनका बेटा नेपाल में रहकर व्यापार करते हैं। व्यापारी रामचंद्र गुप्ता ने बताया कि वह अपनी पत्नी और विवाहित तीन बेटियों के साथ 26 अक्टूबर को दर्शन करने के लिए बाला जी धाम मध्य प्रदेश गए थे। मकान पर ताला पड़ा हुआ था। इसी का फायदा उठाते हुए मकान पर पड़े ताले तोड़ दिए। चोरों ने पूरे इत्मीनान के साथ पूरा घर खंगाल डाला। वह जब गुरुवार की सुबह छह बजे जब मध्य प्रदेश से वापस घर पहुंचे तो मुख्य गेट खुला पाया।
यह देख उनके होश उड़ गए। अनहोनी की आशंका के बीच जब वह घर के अंदर गए तो वहां का नजारा देख मानों उनके पैरों के तले की जमीन खिसक गई हो। कमरों में रखा तिनका-तिनका इधर उधर बिखरा पड़ा था। अलमारियों और सेफ के साथ ही बक्से आदि के ताले टूटे हुए थे। सामान फर्स, बेड आदि पर खंगाला पड़ा था। उन्होंने घटना की सूचना आसपास के लोगों और अपने परिचितों के साथ पुलिस को दी। इस पर तमाम लोग और पुलिस मौके पर पहुंच गई। व्यापारी के मुताबिक चोर घर में रखे करीब 50 लाख रुपये के सोने-चांदी के गहने और दो लाख रुपये की नगदी चोरी कर ले गए।
दुपट्टा और पेंचकश छोड़ गए चोर
सीओ ऑफिस से चंद कदमों की दूरी पर चोरी की वारदात के बाद पुलिस में भी हड़कंप मच गया। एसओ पंकज त्रिपाठी फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने घटनास्थल का निरीक्षण किया। जांच-पड़ताल के दौरान मौके से एक दुपट्टा व एक पेंचकस बरामद हुआ है, जिसे पुलिस ने कब्जे में लिया है। माना जा रहा है कि वारदात को अंजाम देने के बाद चोर दोनों वस्तुएं मौके पर छोड़ गए। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है।
रात 11 बजे के बाद थाने से नहीं निकलती पुलिस
नगर के लोगों ने बताया कि नगर की सुरक्षा व्यवस्था भगवान भरोसे ही चल रही है। व्यापारियों का कहना है कि नगर में एक-दो प्रमुख चौराहों पर रात में पुलिस करीब 11 बजे तक ही दिखती है। इसके बाद पुलिस नगर में नहीं दिखाई देती और न ही नगर में हूटर की आवाज सुनाई देती है। यही वजह है कि अपराधियों में पुलिस का कोई खौफ नहीं है और वह वारदातों को लगातार अंजाम दे रहे हैं। अपराधों का ग्राफ न बढ़े। इसको लेकर पुलिस रिपोर्ट भी दर्ज नहीं करती है। यदि दबाव में दर्ज भी करती है तो धाराओं में खेल करने से नहीं चूकती है।
एसओ पंकज त्रिपाठी ने बताया कि घटनास्थल का निरीक्षण किया गया है। मौके से पेचकस और एक दुपट्टा बरामद हुआ है, दो व्यापारी का नहीं है। जांच की जा रही है। रिपोर्ट दर्ज कर जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।
