विधान परिषद चुनाव : जीत के लिए दलों ने बिछाई बिसात...भाजपा और सपा में सीधी जोर आजमाइश !
मुरादाबाद, अमृत विचार। शिक्षक एमएलसी चुनाव को लेकर दलों ने बिसात बिछानी शुरू कर दी है। भाजपा और सपा में चुनाव में सीधी जोर आजमाइश की प्रबल संभावना है। भाजपा अपने मजबूत संगठन के दम पर फिर जीत के लिए आश्वस्त दिख रही है तो सपा भाजपा व सरकारों की नीतियों व योजनाओं को जनविरोधी व शिक्षक विरोधी बताकर खुद को शिक्षक हितैषी होने का दम भर रही है।
शिक्षक एमएलसी चुनाव के लिए दलों में गोटी बिछ रही है। भाजपा व सपा में सीधी आजमाइश होना तय देखते हुए समाजवादी पार्टी ने तो हाजी दानिश अख्तर को शिक्षक एमएलसी चुनाव के लिए प्रत्याशी भी घोषित कर दिया है। उन्होंने पिछले दिनों पार्टी के कार्यालय में हुई बैठक में पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं से रुबरू होकर राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के भरोसे पर खरा उतरने के लिए सभी से सहयोग भी मांगा था। उन्होंने चुनाव में अपनी प्राथमिकता पुरानी पेंशन बहाली और शिक्षकों के मानदेय वृद्धि जैसे मुद्दों को गिनाया था। उनके अनुसार शिक्षक समाज की रीढ़ हैं। उनके अधिकारों और सम्मान की रक्षा के लिए खुद को प्रतिबद्ध बताया था। इस बैठक में हर पदाधिकारी को दस वोट दिलवाने के लिए जिम्मेदारी सौंपी गई थी।
वहीं भाजपा को अपने मजबूत संगठन व केंद्र व प्रदेश में सरकार के कल्याणकारी व शिक्षक हितैषी योजनाओं के दम पर फिर से जीत का भरोसा है।भाजपा जिलाध्यक्ष आकाश पाल का कहना है कि शिक्षक एमएलसी चुनाव में पार्टी की जीत 200 प्रतिशत होगी। चुनाव के लिए शिक्षण संस्थाओं में पहुंचकर वोटर बनवाने के लिए प्रपत्र आदि शिक्षकों को दिए जा रहे हैं। उन्हें पार्टी की नीतियों व योजनाओं की जानकारी देकर समर्थन भी मांगा जा रहा है।
