बाराबंकी : लड़की की उम्र पूछने पर दूल्हे की बहन के साथ मारपीट
निन्दूरा/बाराबंकी, अमृत विचार। बड्डूपुर थाना क्षेत्र स्थित एक मंदिर में शादी के दौरान दो पक्षों में विवाद हो गया। आरोप है कि लड़की की उम्र पूछने पर लड़की पक्ष के लोगों ने दुल्हे की बहन के साथ मारपीट करते हुए जान से मारने की धमकी दी।
सीतापुर जनपद के थाना महमूदाबाद क्षेत्र के मल्हूपुर निवासी नेहा ने थाना पुलिस को तहरीर देकर बताया कि वह अपने भाई विपिन (21) की शादी के लिए स्वामी मंदिर बड्डूपुर आई थी। इसी दौरान उसने लड़की चांदनी निवासी बिलौली नानकारी थाना सदरपुर जिला सीतापुर की उम्र पूछी, जिस पर लड़की पक्ष नाराज हो गया।
आरोप है कि लड़की के पिता रमेश कुमार ने नेहा का गला पकड़ लिया और मुकेश कुमार ने बाल खींचकर मारपीट का प्रयास किया। वहीं संदीप सहित अन्य लोगों ने गाली-गलौज कर जान से मारने की धमकी दी। पीड़िता की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।
