बाराबंकी में धूमधाम से मनाई गई सरदार पटेल की 150वीं जयंती, राष्ट्रीय एकता दिवस पर रन फॉर यूनिटी का हुआ आयोजन
बाराबंकी, अमृत विचार। भारत रत्न लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती शुक्रवार को पूरे उत्साह और देशभक्ति के माहौल में मनाई गई। बस अड्डा तिराहा स्थित सरदार पटेल की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर लोगों ने उन्हें नमन किया। इसके बाद ‘रन फॉर यूनिटी’ का आयोजन किया गया, जिसे भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष एवं मुख्य अतिथि बृज बहादुर ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
एनसीसी, स्काउट-गाइड के कैडेटों सहित सैकड़ों नागरिकों ने इस दौड़ में भाग लेकर राष्ट्रीय एकता का संदेश दिया। पदयात्रा का समापन जीआईसी ऑडिटोरियम में हुआ, जहां उपस्थित जनसमूह ने भारत की एकता और अखंडता को बनाए रखने का संकल्प लिया। अपने संबोधन में भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष बृज बहादुर ने कहा कि सरदार पटेल ने अपने अदम्य साहस, समर्पण और त्याग से आधुनिक भारत की नींव रखी। उन्होंने कहा कि 563 रियासतों को एकसूत्र में पिरोकर सरदार पटेल ने एक भारत श्रेष्ठ भारत का सपना साकार किया।

उन्होंने यह भी कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने धारा 370 समाप्त कर पटेल के सपनों को साकार किया है। कार्यक्रम में जिला अध्यक्ष अरविंद मौर्य ने अतिथियों का स्वागत किया, जबकि जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी ने आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि राष्ट्रीय एकता और अखंडता का प्रतीक है। उन्होंने बताया कि 25 नवंबर तक सरदार पटेल पर आधारित विविध कार्यक्रमों की श्रृंखला जारी रहेगी।

इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष राजरानी रावत, पूर्व सांसद उपेंद्र सिंह रावत, विधायक दिनेश रावत, पूर्व विधायक शरद अवस्थी, पूर्व एमएलसी हरगोविंद सिंह, उप जिलाधिकारी नवाबगंज आनंद कुमार तिवारी, नगर अधिशाषी अधिकारी संजय शुक्ला, जिला विद्यालय निरीक्षक ओपी त्रिपाठी, संदीप गुप्ता, रामकुमारी मौर्य, डॉ विवेक वर्मा, विजय आनंद बाजपेई, नवीन राठौर, राकेश पटेल, रोहित सिंह व संतोष सिंह मौजूद रहे। वहीं शहर के सट्टी बाज़ार स्थित ऑल इण्डिया पसमांदा मुस्लिम महाज़ कार्यालय पर सरदार पटेल की जयंती पर गोष्ठी आयोजित की गई। श्री पीएल मेमोरियल पीजी कॉलेज सागर कैंपस बाराबंकी में भी लौह पुरुष सरदार वल्लभ भाई पटेल जी की जयंती मनाई गई।
पुष्पवर्षा के बीच हुई रन फॉर यूनिटी
रामसनेहीघाट : लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती पर भिटरिया चौराहा से तहसील मुख्यालय तक आयोजित ‘रन फॉर यूनिटी’ में हजारों युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। राज्य मंत्री सतीश शर्मा और एमएलसी अंगद सिंह ने हरी झंडी दिखाकर दौड़ का शुभारंभ किया। तिरंगा हाथ में लिए युवा जय एकता, जय भारत के नारों के साथ दौड़ते हुए पूरे मार्ग में पुष्पवर्षा के बीच पहुंचे। विजयी प्रतिभागियों को मेडल और पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। इसी क्रम में आकांक्षा चिल्ड्रन एकेडमी भिटरिया में प्रधानाचार्य मनीष पांडे के नेतृत्व में बच्चों ने एकता दिवस मनाया। साथ ही जेबीएस इंस्टिट्यूट मालिनपुर में संस्थापक एमएलसी अंगद सिंह और डायरेक्टर पूनम सिंह की उपस्थिति में सरदार पटेल जयंती हर्षोल्लास के साथ मनाई गई।
एसपी ने दिलाई शपथ
सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयन्ती के अवसर पर पुलिस अधीक्षक अर्पित विजयवर्गीय ने पुलिस लाइन से मार्च पास्ट को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। मार्च पास्ट पुलिस लाइन्स से प्रारम्भ होकर, देवा तिराहा से होते हुआ वापस पुलिस लाइन्स में समाप्त हुआ। एसपी द्वारा देवा तिराहा पर स्थित सरदार वल्लभ भाई पटेल की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया गया। इस अवसर पर पीएसी कमाण्डेन्ट राकेश कुमार सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक उत्तरी विकास चन्द्र त्रिपाठी, क्षेत्राधिकारी नगर संगम कुमार, प्रतिसार निरीक्षक राजेश कुमार, प्रभारी यातायात एवं अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
भाजपा ने हर बूथ पर मनाई गई पटेल जयंती
भारतीय जनता पार्टी कार्यकर्ताओं ने प्रत्येक बूथ पर पटेल जयंती धूमधाम से मनाई गई। उनके चित्र पर माल्यार्पण करके उनको नमन किया गया। भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष बृज बहादुर ने लखपेड़ाबाग स्थित बूथ संख्या 397 पर पटेल जयंती कार्यक्रम में हिस्सा लिया। उन्होंने उपस्थित कार्यकर्ताओं को सरदार पटेल के कृतित्व एवं व्यक्तित्व से परिचित कराते हुए उनके बताए मार्गों पर चलने की अपील की। इस अवसर पर मंडल अध्यक्ष सूरज सिंह, बूथ अध्यक्ष सुनील शुक्ला सहित अन्य कार्यकर्ता एवं स्थानीय लोग मौजूद रहे।

सपाइयों ने सरदार पटेल को किया नमन
जिला समाजवादी पार्टी कार्यालय में आयोजित विचार गोष्ठी में सदर विधायक धर्मराज सिंह उर्फ सुरेश यादव ने सरदार पटेल के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें नमन किया। विचार गोष्ठी को संबोधित करते हुए जिला अध्यक्ष हाफिज अयाज अहमद ने कहा कि सरदार पटेल देश की एकता और अखंडता को मजबूत बनाए रखने के लिए निरंतर प्रयासरत रहे और किसानों, नौजवानों के विकास के लिए संघर्ष करते रहे।
विचार गोष्ठी से पहले जिला अध्यक्ष हाफिज अयाज अहमद के नेतृत्व में सपा नेताओं ने पटेल तिराहा स्थित सरदार पटेल की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धा सुमन अर्पित किया। इसी क्रम में राष्ट्रीय सचिव एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री अरविंद कुमार सिंह गोप ने झाबेर बा सरदार पटेल परिसर में भारत रत्न सरदार पटेल की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर नमन किया। माल्यार्पण और विचार गोष्ठी में पूर्व प्रमुख सुरेंद्र सिंह वर्मा, प्रदेश सचिव हुमायूं नईम खान, जिला उपाध्यक्ष नसीम कीर्ति, समीम चौधरी, मोहम्मद आफक और सपा प्रवक्ता वीरेंद्र प्रधान सहित अन्य पदाधिकारी भी मौजूद रहे।
