अखिलेश यादव का ऐलान- सपा सरकार में सरदार पटेल के नाम पर बनेगी तकनीकी यूनिवर्सिटी
लखनऊ, अमृत विचार। समाजवादी पार्टी (सपा) प्रमुख अखिलेश यादव ने कहा कि सपा की सरकार बनने पर लौह पुरुष सरदार पटेल के नाम पर युवाओं के लिए माडर्न और तकनीकी यूनिवर्सिटी बनाएंगे। सरदार पटेल का जो रास्ता था, वही पीडीए का रास्ता है। पीडीए पीड़ा के एक सूत्र में बंधा हुआ है।
सपा प्रमुख शुक्रवार को पार्टी मुख्यालय में सरदार पटेल की 150वीं जयंती पर उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण करने के बाद प्रेस कांफ्रेंस को संबोधित कर रहे थे। इस मौके पर मौजूद सभी नेताओं ने सामाजिक न्याय के राज की स्थापना और सन् 2027 में सपा सरकार बनाने के लिए अपनी प्रतिबद्धता दोहरायी।
अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार पटेल के विचारों के साथ खिलवाड़ कर रही है। सरदार पटेल ने आरएसएस पर प्रतिबंध लगाया था। आरएसएस पर साम्प्रदायिक सौहार्द खराब करने नफरत फैलाने का आरोप था। आज भी भाजपा समाज में नफरत फैलाती है, क्योंकि भाजपा की मूल पार्टी आरएसएस है। अपनी कमियों को छिपाने के लिए भाजपा सरदार पटेल की बात करती है।
उन्होंने कहा कि सरदार पटेल ने देश की सीमाओं को बढ़ाया था।
भाजपा सरकार में देश की सीमाएं सिकुड़ रही हैं। भाजपा सरकार बताएं की 2014 में केंद्र में सरकार आने के 11 साल बाद देश का क्षेत्रफल कितना बचा है। भाजपा सरकार देश की भौगोलिक स्थिति के प्रति लापरवाह है। केन्द्र सरकार ने देश का बाजार चीन को सौंप दिया है। भाजपा सरकार भारत को आत्मनिर्भर नहीं बना सकती है।
गन्ना मूल्य बढ़ाने का विज्ञापन अंग्रेजी अखबार में
गन्ना मूल्य बढ़ाए जाने पर सपा प्रमुख ने कहा कि गन्ना मूल्य में 30 रुपये से ज्यादा की वृद्धि होनी चाहिए थी, साथ ही तंज कसा कि सरकार ने गन्ना मूल्य और भुगतान का विज्ञापन अंग्रेजी अखबार में छपवाया। अब बताओ कितने किसान अंग्रेजी में इसे पढ़े होंगे।
एसआईआर में जुड़े जाति का कॉलम
अखिलेश यादव ने कहा कि एसआईआर का समर्थन करते हैं, मगर हमारी मांग है कि इस प्रक्रिया में जाति पर एक अतिरिक्त कॉलम शामिल किया जाए। इससे जाति आधारित नीति निर्माण और कल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन में मदद मिलेगी। उम्मीद है कि सरकार हमारे सुझाव पर विचार करेगी और उसे लागू करेगी।
आरएसएस पर चैट जीपीटी से पूछे सवाल
कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष द्वारा संघ पर बैन लगाने की बात का समर्थन करते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि चैट जीपीटी की मानें तो आरएसएस ने ऐसा वातावरण पैदा किया, जिससे नाथूराम गोडसे ने गांधी की हत्या की। भाजपा सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने वाली पार्टी है। इस मौके पर कई सवालों का जवाब चैट जीपीटी से लेकर प्रस्तुत किए।
नरेन्द्र देव की 136 वीं जयंती मनायी गयी
आचार्य नरेन्द्र देव की 136वीं जयंती पर सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने गोमती नदी किनारे स्थित आचार्य नरेंद्र देव के स्मारक पर पहुंचकर पुष्पांजलि कर नमन किया। इस मौके पर नरेन्द्र देव के परिवारीजन पौत्र यषोवर्धन तथा मीरा वर्धन मौजूद रहे। सपा प्रमुख ने कहा कि आचार्य नरेंद्र देव समाजवादी विचारों के साथ-साथ बौद्ध शिक्षा और आंदोलन से भी प्रभावित थे। हम सभी समाजवादी लोग आचार्य के विचारों पर चलते हुए समाजवादी आंदोलन को मजबूत करेंगे।
