UP News: गोमतीनगर के दूरदर्शन स्टाफ कॉलोनी में 36 घंटे से अधिक बिजली गुल, पानी को तरसते लोग
लखनऊ, अमृत विचार: शहर में निर्बाध बिजली आपूर्ति के पावर कॉरपोरेशन के दावें धरे के धरे रह गए। ट्रांसगोमती के पॉश क्षेत्रों में शुमार गोमतीनगर के विराजखंड स्थित दूरदर्शन स्टाफ कॉलोनी में 36 घंटे गुजर जाने के बाद भी बिजली विभाग यहां की सप्लाई को सामान्य नहीं कर सका है। कॉलोनी निवासियों के अनुसार गुरुवार दोपहर कॉलोनी की बिजली आपूर्ति बाधित हो गई। इसके बाद उपकेंद्र पर समस्या से अवगत कराते हुए सप्लाई के सही करने के लिए शिकायत दर्ज कराई गई। मौके पर पहुंचे कर्मचारियों की ओर से कॉलोनी की आंतरिक बिजली समस्या के कारण सप्लाई के बाधित होना बताया गया।
इसके बाद कॉलोनी की आंतरिक बिजली खामी को सही कराने के बाद सप्लाई को सामान्य करने की गुहार विभाग से लगाई गई। बावजूद इसके बिजली अधिकारियों ने जांच करने के बाद ही सप्लाई को चालू करने के साथ एक और रात बिना सप्लाई के बिताने की बात कही। इसके बाद कॉलोनी निवासियों ने इस पूरे मामले को अधिशासी अभियंता के सामने उठाया। इस दौरान उन्होनें कर्मचारी की कमी और रात में बिजली विभाग की ओर से किसी भी कॉलोनी की आंतरिक समस्या की जांच नहीं कराई जाने का हवाला देकर पूरे मामले से पल्ला झाड़ लिया। ऐसें में कॉलोनी के लोगों जहां दो दिन से बिजली संकट का सामना करने पर मजबूर होना पड़ रहा है। वहीं इसके चलते पानी समेत कई अन्य समस्याओं से भी लोगों का जूझना पड़ा रहा है।
वहीं समस्या के बाबत अधिशासी अभियंता धीरज यादव ने बताया कि दूरदर्शन स्टाफ कॉलोनी की आंतरिक बिजली समस्या के कारण सप्लाई बाधित हुई। इसके बाद वहां के संबंधित लोगों को इसकी जानकारी देकर उसे सही कराने की बात कही गई ।कॉलोनी निवासियों के समस्या को सही करा दिए जाने का जवाब मिलने के बाद सप्लाई को चालू भी किया गया, लेकिन सप्लाई के चालू होते ही हमारी 33 केवी लाइन ही बैठ गई है। इसको देखते हुए शनिवार की सुबह कॉलोनी की बिजली व्यवस्था को चेक करने के साथ सप्लाई को चालू करने का प्रयास किया जायेगा।
