Sampoorna Samadhan Diwas: बाराबंकी में मिली 69 शिकायतें, डीएम की अध्यक्षता में समस्याओं का हुआ समाधान 

Amrit Vichar Network
Edited By Anjali Singh
On

बाराबंकी: अमृत विचार। तहसील हैदरगढ़ में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस के दौरान जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी की संवेदनशीलता और तत्परता से चार पात्र परिवारों को लंबित अन्त्योदय कार्ड की प्रतियाँ मौके पर प्रदान की गईं। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि ऐसे मामले जिनमें आवेदक को त्वरित लाभ दिया जा सकता है, उन्हें प्राथमिकता से निस्तारित किया जाए। इसके अलावा उन्होंने हर निस्तारित शिकायत के बाद फोन पर फीडबैक लेकर समाधान की संतुष्टि सुनिश्चित करने को कहा। 

तहसील दिवस में पुलिस अधीक्षक अर्पित विजयवर्गीय, जॉइंट मजिस्ट्रेट तेजस के., उप जिलाधिकारी राजेश विश्वकर्मा, मुख्य चिकित्सा अधिकारी अवधेश यादव सहित कई जिला एवं तहसील अधिकारी मौजूद रहे। संपूर्ण समाधान दिवस में जनपद की सभी तहसीलों में कुल 506 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिनमें से 157 प्रार्थनाओं में से 21 का हैदरगढ़ तहसील में, फतेहपुर में 48 में से 7, राम सनेहीघाट में 63 में से 5, रामनगर में 91 में से 6 और नवाबगंज में 128 में से 22 का मौके पर निस्तारण कराया गया। अधिकारियों ने जनता की समस्याओं जैसे भूमि विवाद, राशन कार्ड, आवास, पेंशन, चकमार्ग, सरकारी रास्ते और नालियों पर खास ध्यान दिया। जिलाधिकारी ने समाधान दिवस के दौरान अनुपस्थित अधिकारियों के प्रति भी सख्त रुख अपनाते हुए वेतन बाधित करने और खसरा-खतौनी में नाम या विवरण की त्रुटियों को शीघ्र सुधारने के निर्देश दिए ।

समस्याओं का किया समाधान

तहसील हैदरगढ़ में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी ने जनता की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए तत्काल समाधान के कड़े निर्देश दिए। डीएम से भाजपा नेता पंकज दीक्षित ने बछरावां मार्ग पर तालाब की पटाई की शिकायत की, जिस पर कार्य रोकने और संबंधितों के खिलाफ नोटिस जारी करने का आदेश दिया गया। इसके अलावा, रायबरेली मार्ग पर जलनिकासी प्रभावित पुलिया, लखनऊ-सुल्तानपुर हाइवे पर खड़े भारी वाहन, नगर पंचायत के अलाव बिल और जर्जर इंटरलॉकिंग सड़क, भूमि विवाद सहित अन्य शिकायतों पर भी डीएम ने तुरंत जांच और समाधान के निर्देश दिए। बता दें कि डीएम शशांक त्रिपाठी का जनता दर्शन शनिवार को तहसील रामनगर लगा था। एक पखवारे बाद हैदरगढ़ आना था। लेकिन शुक्रवार की रात अचानक उनका कार्यक्रम हैदरगढ़ लग जाने से अधिकारियों में अफरा-तफरी मच गई।


ये भी पढ़े :
छात्रवृत्ति वितरण तैयारियों की ढिलाई पर प्रमुख सचिव सख्त, कहा-किसी भी पात्र को नहीं रहने दिया जाएगा वंचित

संबंधित समाचार