बाराबंकी में दो नाबालिग लड़कियां लापता, एफआईआर दर्ज
बाराबंकी, अमृत विचार। दो थाना क्षेत्रों में नाबालिग लड़कियों के लापता होने से परिजन परेशान है। आसपास खोजबीन के बाद अब पुलिस में तहरीर देकर गुमशुदगी दर्ज कराई गई है। मामले में किशोरी संग दुष्कर्म की आशंका भी जताई गई। पहला मामला कोठी थाना क्षेत्र का है, जहां 17 वर्षीय किशोरी 30 अक्टूबर की मध्यरात्रि में घर से संदिग्ध परिस्थितियों में गायब हो गई।
परिजनों के अनुसार, किशोरी घर से चांदी-सोने के जेवर और मोबाइल फोन लेकर निकली। उसकी मां ने तहरीर देकर आरोप लगाया कि बेटी जिस मोबाइल नंबर से बात करती थी, वह अमन यादव निवासी कुतुबापुर का नंबर है। तहरीर में लड़की के साथ मोबाइल और जेवर गायब होने की बात कहते हुए अनहोनी की आशंका जताई गई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।
दूसरा मामला मसौली थाना क्षेत्र का है, जहाँ एक 15 वर्षीय लड़की 30 अक्टूबर को तड़के तीन बजे घर से लापता हो गई। परिजनों ने काफी तलाश के बाद थाने में तहरीर देकर मोहल्ले के युवक शाहे आलम पर लड़की को बहला-फुसलाकर भगा ले जाने का आरोप लगाया। पुलिस का कहना है कि दोनों मामलों में गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द ही किशोरियों को बरामद कर लिया जाएगा।
