Rampur: नवंबर का पहला ही दिन रहा सर्द...कोहरे की चादर में लिपटीं सड़कें

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

रामपुर, अमृत विचार। नवंबर के पहले दिन कोहरे ने दस्तक दे दी है। पूर्वाह्न करीब 11 बजे तक सड़कें कोहरे की चादर में लिपटी रहीं। सड़कों पर कोहरा होने के कारण वाहनों की रफ्तार को ब्रेक लग गए। सड़कों पर कोहरे की चादर बिछी होने के कारण दूर दृष्टि बाधित रही।

पुलिस अधीक्षक विद्यासागर मिश्र ने कहा कि सड़कों पर कोहरा होने के चलते वाहन चालक सावधानी बरतें और फॉग लाइट जलाएं। ताकि दुर्घटनाओं से बचा जा सके। शनिवार को सुबह से कोहरे की चादर ने सड़कों को अपनी आगोश में ले लिया जिसके कारण वाहनों की रफ्तार धीमी हो गई। हाईवे पर वाहन रेंगते रहे और कुछ ट्रक चालकों ने अपने वाहन ढाबों के आसपास खड़े कर दिए। कोहरा छटने के बाद वह गंतव्य की ओर रवाना हुए।

सुबह से सूर्य देव के दर्शन नहीं हुए। पूर्वाह्न करीब 11 बजे सूरज निकलने के बाद सड़कों पर रेंग रहे वाहनों ने फर्राटा भरा। नवंबर का महीना शुरू हो गया है लेकिन कभी गर्मी और कभी सर्दी होने से लोग हलकान रहे। गर्मी लगने पर लोग पंखा चला देते और सर्दी लगने पर पंखा बंद करना पड़ रहा है। तापमान में भी गिरावट आई है, शनिवार को अधिकतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस जबकि, न्यूनतम तापमान 17 डिग्री दर्ज किया गया। पुलिस अधीक्षक ने वाहनों को धीमी गति से चलाने और फॉग लाइट जलाने के लिए कहा है।

संबंधित समाचार