बाराबंकी : हादसों में तीन की मौत, एक की हालत नाजुक

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

फतेहपुर/कोठी/सूरतगंज, बाराबंकी, अमृत विचार। शुक्रवार देर शाम से शनिवार तक अलग-अलग स्थानों पर हुए सड़क हादसों में तीन लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। मृतकों के परिवार में कोहराम मचा हुआ है। फतेहपुर थाना क्षेत्र में शनिवार को मदनपुर गांव के पास तेज रफ्तार कार ने बाइक सवारों को टक्कर मार दी।

हादसे में अटरिया, सीतापुर के अहेवा गांव निवासी सचिन (28) की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनके साथ बैठे सौरभ (17) गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों रिश्तेदारी में बड्डूपुर आए हुए थे और फतेहपुर जा रहे थे। ग्रामीणों ने भाग रही कार को पकड़ लिया और घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र फतेहपुर पहुंचाया, जहाँ डॉक्टरों ने सचिन को मृत घोषित कर दिया।

पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और वाहन जब्त कर लिया है। दूसरी घटना शुक्रवार देर शाम कोठी थाना क्षेत्र के भानमऊ चौराहा के पास हुई, जहाँ मैकूपुरवा मजरे इब्राहिमाबाद निवासी सत्यनाम (50) पुत्र रामगुलाम सड़क पार कर रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार बाइक सवार ने उन्हें टक्कर मार दी। गंभीर दशा में जिला अस्पताल लाया गया, जहाँ उपचार के दौरान उनकी देर रात मौत हो गई।

तीसरा हादसा सूरतगंज-महादेवा मार्ग पर कुरेलवा गांव के पास हुआ। मोहम्मदपुर खाला थाना क्षेत्र के नारेपार मजरे छंगेपुर निवासी नेमकुमार (33) पुत्र प्रभु गौतम बोरिंग का काम कर लौट रहे थे। तभी अज्ञात कार ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी।

नेमकुमार की मौके पर ही मौत हो गई। उन्हें सीएचसी सूरतगंज ले जाया गया, जहाँ डॉक्टरों ने मृत घोषित किया। मृतक तीन पुत्र और एक पुत्री को पीछे छोड़ गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

संबंधित समाचार