UP: हवन-यज्ञ, दुग्धाभिषेक व महाआरती... तिगरी गंगा मेले का उद्घाटन

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

गजरौला, अमृत विचार। ऐतिहासिक तिगरी गंगा मेले का देवोत्थान के मौके पर हवन-यज्ञ के बाद दुग्ध अभिषेक और महाआरती कर शुभारंभ हो गया। शुभारंभ के मौके जिला पंचायत अध्यक्ष ललित तंवर, मंडलायुक्त आन्जनेय कुमार सिंह व डीआइजी मुनिराज सिंह ने यज्ञ में आहुति देकर पूजा अर्चना की।

कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर पश्चिम अमरोहा के प्रसिद्ध तिगरी गंगा धाम में मेला लगता है। जिसमें 25-30 लाख श्रद्धालुओं का बसेरा रहता है। शनिवार की शाम को इस मेले का मां गंगा की आरती व दुग्ध अभिषेक कर शुभारंभ हो गया। मेले में पहुंचे सभी प्रशासनिक अधिकारियों ने गंगा के पावन तट पर बने पंडाल में बैठ यज्ञ में आहूति देकर पूजा अर्चना की। उसके बाद पतित पावनी गंगा की निर्मल धारा में दुग्ध अभिषेक किया गया। दुग्ध अभिषेक के बाद सभी शासनिक व प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा पतित पावनी गंगा के तट पर बने भव्य मंच से पंडितों के साथ मंत्र उच्चारण कर मां गंगा की आरती भी की गई। तत्पश्चात मां गंगा के तट के समीप बने भव्य मंच पर बाहर से बुलाए गए कलाकारों द्वारा भजन संध्या के साथ-साथ लेजर शो द्वारा रंगारंग कार्यक्रम भी प्रस्तुत किया गया।

कार्यक्रम में डीएम निधि गुप्ता वत्स, एसपी अमित कुमार आनन्द, एडीएम गरिमा सिंह, सीडीओ अश्विनी कुमार मिश्र, एएसपी अखिलेश भदौरिया, एसडीएम विभा श्रीवास्तव, सीओ अंजली कटारिया, विधायक महेंद्र सिंह खड़गवंशी, एमएलसी डा. हरि सिंह ढिल्लो, अमरोहा चेयरमैन शशि जैन, धनौरा चेयरमैन प्रवीण अग्रवाल, हसनपुर चेयरमैन राजपाल सैनी, भाजपा के जिला उपाध्यक्ष वीरेंद्र सिंह, भाजपा जिला महामंत्री अभिनव कौशिक, डॉ.राजीव त्यागी, आदि मौजूद रहे।


आरती स्थल पर 11 हजार दीये किए प्रज्ज्वलित
गंगा मेले के उद्घाटन के दौरान 11 हजार दीये प्रज्ज्वलित किए गए। गंगा तट पर दीपमालाओं से पूरा क्षेत्र जगमग हो उठा। सांस्कृतिक मंच पर प्रस्तुतियों का दौर शुरू हुआ। गंगा तट के पास बने सांस्कृतिक मंच पर सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुतियां दी गईं। पहले दिन ब्लु बर्ड्स पब्लिक स्कूल धनौरा के छात्र-छात्राओं ने गंगावतरण कार्यक्रम की उत्कृष्ट प्रस्तुति दी।

लाखों श्रद्धालुओं ने लगाई आस्था की डुबकी
तिगरी में शनिवार सुबह गंगा घाटों के किनारे श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ रही। लाखों श्रद्धालुओं ने डुबकी लगाई। गंगा घाट श्रद्धालुओं से खचाखच भरे नजर आए। तड़के से ही श्रद्धालुओं का गंगा स्नान के लिए पहुंचना शुरू हो गया। गंगा स्नान कर श्रद्धालुओं ने सूर्य को अर्घ्य दिया। परिवार एवं समाज में सुख-शांति एवं समृद्धि की कामना की। बहुत से श्रद्धालुओं ने गंगा में प्रसाद आदि चढ़ाया। गंगा किनारे धूप-दीप जलाकर पूजा की। युवाओं ने गंगा स्नान के बाद गंगा किनारे मस्ती भी की। वहीं पीएसी के गोताखोरों ने स्टीमर से पेट्रोलिंग करके गहरे पानी में स्नान कर रहे श्रद्धालुओं को बल्लियों के पीछे ही नहाने के लिए कहा। पुलिस भी घाटों पर राउंड लेती रही। प्रत्येक घाट पर सेक्टर प्रभारी को तैनात किया गया है। घाटों पर असामाजिक तत्वों पर नजर रखने के लिए महिला पुलिस बल की विशेष व्यवस्था की गई है। सादी वर्दी में भी महिला पुलिस बल तैनात रही।

मेले में 400 स्काउट गाइड दे रहे सेवा
तिगरी गंगा मेले में जनपद के कई विद्यालयों के स्काउट अपनी सेवाएं दे रहे हैं। स्काउट बच्चे अलग-अलग दल के रूप में मेला क्षेत्र में घूमकर परिजनों से बिछड़े बच्चों व बड़ों को मिलवा रहे हैं। यातायात व्यवस्था को भी संभालने में भी वे अपना योगदान दे रहे हैं। सदर चौक पर श्रद्धालुओं को आने जाने के लिए बनाए गए मार्गों पर ही आने जाने के लिए प्रेरित कर रहे हैं। सदर चौक पर बने भारत स्काउट के कार्यालय परिसर में सोमवार को शिक्षिकाओं ने रंगोली भी सजाई। यहां एक मचान भी बनाया गया है, जहां खोये हुए बच्चों को मिलवाया जा रहा है। स्काउट सूचना केन्द्र से मेले में श्रद्धालुओं के पालन करने सम्बंधी निर्देशों व अफसरों द्वारा दी जाने वाली आवश्यक सूचनाओं को ध्वनि विस्तारक यंत्र दे रहे हैं। स्काउट शिक्षक जोगेन्द्र सिंह ने बताया कि मेले में विभिन्न स्कूलों के लगभग 400 स्काउट सेवाएं देंगे। कई स्काउट शिक्षक व शिक्षिकाएं भी यहां पर उपस्थित रहेंगे।

नाव में बैठकर एसपी ने किया निरीक्षण
राजकीय तिगरी मेले में श्रद्धालुओं की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर एसपी अमित कुमार आनन्द ने कन्ट्रोल रूम, नांव में बैठकर विभिन्न गंगा घाटों, पार्किंग एवं रुट डायवर्जन व्यवस्था का निरीक्षण किया। उन्होंने सीसीटीवी कैमरों की लाइव फीड को चेक किया। सीसीटीवी कमैरों से सतर्क दृष्टि रखने व ड्रोन कैमरा की मदद से निगरानी कराने के लिए अधिकारी को निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान उन्होंने श्रद्धालुओं के सुगम व सुरक्षित आवागमन के लिए यातायात व्यवस्था को दुरुस्त रखने को कहा।

 

संबंधित समाचार