गोंडा : डीसीएम की चपेट में आने से छात्र की दर्दनाक मौत
करनैलगंज, गोंडा, अमृत विचार : करनैलगंज-परसपुर मार्ग पर स्थित बाबागंज चौराहे के पास डीसीएम की टक्कर से 14 वर्षीय किशोर की दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद मौके पर भारी भीड़ जुट गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने वाहन को कब्जे में लेकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
कोतवाली क्षेत्र के ग्राम करूआ के मजरे गोनई गोसाई पुरवा निवासी राम सुरेश गोस्वामी का 14 वर्षीय पुत्र करन किसी कार्य से साइकिल से बाबागंज चौराहा गया था। वापस लौटते समय जब वह अपने गांव के पास सड़क पार करने के लिए रुका, तभी तेज रफ्तार डीसीएम ने उसे रौंद दिया। दुर्घटना इतनी भीषण थी कि बालक की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद ग्रामीणों ने डीसीएम को रोक लिया और पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने वाहन को जब्त कर लिया और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। प्रभारी निरीक्षक तेज प्रताप सिंह ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।
यह भी पढ़ें : ISRO's historic mission: LVM3-M5 से प्रक्षेपित होगा CMS-03, भारत का सबसे भारी संचार उपग्रह
