कानपुर : तीन बच्चों वाला हिंदू परिवार ही सशक्त, हुतात्मा दिवस पर बजरंग दल की ओर से लगा रक्तदान शिविर
बजरंग दल के राष्ट्रीय संयोजक नीरज दोनेरिया भी हुए शामिल
कानपुर, अमृत विचार। हुतात्मा दिवस पर बजरंग दल द्वारा आयोजित रक्तदान शिविर में राष्ट्रीय संयोजक नीरज दोनेरिया भी पहुंचे। उन्होंने कहा कि आज का हिंदू समाज तभी सशक्त बन सकता है जब उसका युवा नशे से मुक्त हो और उसका परिवार जिम्मेदारी से समाज के संतुलन को बनाए रखे।
उन्होंने कहा कि तीन बच्चों वाला हिंदू परिवार सशक्त है। घोषणा करते हुए कहा कि 9 नवम्बर से 16 नवम्बर तक रन फॉर हेल्थ नशामुक्त युवा, विकसित भारत अभियान पूरे भारत के 10 हजार प्रखंडों में चलाया जाएगा।
उन्होंने आगे कहा कि नशे में डूबा युवा न राष्ट्र का निर्माण कर सकता है, न अपने परिवार का कहा कि बजरंग दल अब हर जिले और कॉलेज में नशामुक्त युवा विकसित भारत’ अभियान चलाएगा। इस दौरान बजरंग दल द्वारा रक्तदान शिविर का आयोजन आईएमए हॉल परेड, शंभुविला गेस्ट हाउस पनकी गंगागंज, कांशीराम हॉस्पिटल रामादेवी में किया गया।
काशीराम हॉस्पिटल में विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना ने भी रक्तदान कर रहे बजरंगियों का उत्साहवर्धन किया। शिवाला स्थित श्रद्धानंद पार्क में बजरंग दल के बलोपासना केन्द्र का भी उद्घाटन राष्ट्रीय संयोजक ने किया।
यहां बजरंग दल के पूर्व राष्ट्रीय संयोजक प्रकाश शर्मा, विहिप कानपुर प्रान्त मंत्री राजू पोरवाल, नरेश माहेश्वरी, आचार्य अजीतराज, अमरनाथ, ओमेंद्र अवस्थी आदि रहे। ओमेंद्र अवस्थी ने बताया कि तीनों शिविर में कुल 175 यूनिट रक्तदान हुआ।
