कानपुर : पिकअप की टक्कर से टेंपो पलटा, चालक की मौत

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

घंटाघर से बुकिंग में सवारियां लेकर महाराजपुर गया था चालक

कानपुर, अमृत विचार। महाराजपुर में बुकिंग पर सवारियां उतारकर लौट रही टेंपों में तेज गति पिकअप ने टक्कर मार दी। जबरदस्त ठोकर से चालक सीट से उछलकर डिवाइडर से जा टकराया और टेंपो भी कुछ दूरी पर जाकर पलट गई। सिर पर गंभीर चोट आने से चालक की इलाज के दौरान मौत हो गई। सूचना पर परिजनों में कोहराम मच गया।

रेलबाजार में रहने वाले 52 वर्षीय काशीनाथ शर्मा टेंपो चालक थे। परिवार में पत्नी संगीता, एक बेटी अनन्या व दो बेटे कृष्णा, नैतिक हैं। परिजनों ने बताया कि शनिवार को काशीनाथ टेंपो चलाने निकले थे। वह घंटाघर पर सवारियों का इंतजार कर रहे थे, तभी बुकिंग लेकर महाराजपुर गए थे। वहां से लौटते समय नर्वल मोड़ के पास एक तेज गति पिकअप ने पीछे से जोरदार टक्कर मार दी।

जिससे काशीनाथ चालक सीट से उछलकर डिवाइडर से टकरा गए। टेंपो भी कुछ दूरी पर जाकर पलट गया। हादसे की सूचना पर पुलिस ने उसे रामादेवी स्थित कांशीराम हॉस्पिटल में भर्ती कराया। जहां सिर में आई चोटों के कारण इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। पुलिस ने काशीनाथ के परिजनों को मोबाइल से घटना की जानकारी दी। मौत की खबर से घरवालों में चीख-पुकार मच गई। पुलिस पिकअप और चालक की तलाश कर रही है।

टैंकर की टक्कर से महिला की मौत, बहन घायल 

महाराजपुर में इंजीनियरिंग संस्थान केआईटी के सामने तेज गति टैंकर ने चचेरी बहनों को जोरदार टक्कर मार दी। जिसमें एक की मौत हो गई, जबकि दूसरे की हालत गंभीर बनी है। मूलरूप से इटावा के सैफई निवासी 28 वर्षीय राधा मौजूदा समय में चकेरी कोयलानगर के आदर्श विहार में एकलौती बेटी नैना के साथ रहती थीं। राधा के पति इंद्रपाल की बीते ग्राम पंचायत चुनाव में गोली मारकर हत्या कर दी गई थी।

परिजनों ने बताया कि राधा महाराजपुर स्थित केआईटी की मेस में खाना पकाती थी। राधा के साथ उसकी चचेरी बहन ताड़बगिया की रहने वाली राम नरेश की पत्नी रेनू भी काम करती थी। शनिवार सुबह दोनों बहनें खाना बनाने गई थी, तभी कालेज के सामने तेज गति टैंकर ने टक्कर मार दी थी। राधा की हैलट में इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि रेनू की हालत गंभीर बनी है। पुलिस के अनुसार वाहन व चालक के बारे में पता किया जा रहा है। 

संबंधित समाचार