प्रतापगढ़ : सुप्रीम कोर्ट की अवमानना में फंसे कंधई एसओ और दो दरोगा, 7 नवंबर तक कार्रवाई से अवगत कराने का आदेश
प्रतापगढ़, अमृत विचार। सुप्रीम कोर्ट के अवमानना के मामले में कंधई थाना प्रभारी गुलाब सोनकर, दरोगा राजेश यादव और मिथलेश चौरसिया फंसे हैं। प्रदेश सरकार को सात नवंबर तक पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई से अवगत कराते हुए जवाब दाखिल करने का आदेश दिया है। कंधई थाना क्षेत्र के रहने वाले सागर तिवारी ने थाने में दर्ज मुकदमे में गिरफ्तारी पर रोक लगाने के लिए सुप्रीम कोर्ट की शरण ली थी।
कोर्ट के गिरफ्तारी पर रोक के आदेश के बाद भी कंधई थाना प्रभारी गुलाब चंद्र सोनकर दरोगा राजेश यादव और मिथलेश चौरसिया ने अप्रैल माह में पीड़ित राम सागर तिवारी को गिरफ्तार करके कोर्ट में पेश किया। पीड़ित रामसागर तिवारी ने सुप्रीम कोर्ट में कंधई थाना प्रभारी समेत अन्य पुलिसकर्मियों के खिलाफ जुलाई महीने में एसएलपी दाखिल की।
सुप्रीम कोर्ट ने अवमानना एसएलपी 4755/2025 को स्वीकार करते हुए प्रदेश सरकार के प्रमुख सचिव को निर्देशित किया था कि एडीजी रैंक के अधिकारी से पूरे मामले की कराई जाए। एडीजी प्रयागराज जोन डॉ संजीव गुप्ता ने पूरे मामले की प्रतापगढ़ आकर जांच की। जांच पूरी कर रिपोर्ट सील बंद लिफाफे में 14 सितंबर को कोर्ट में पेश किया।
सुप्रीम कोर्ट में 17 अक्टूबर को सुनवाई के दौरान इंस्पेक्टर कंधई को व्यतिगत तौर पेश होने को कहा था। इसके क्रम में कोर्ट में इंस्पेक्टर कंधई पेश भी हुए। सुप्रीम कोर्ट के सुनवाई में कहा गया कि कोर्ट के आदेश की जानबूझकर अवहेलना की गई है।
अदालत ने कहा कि ऐसे पुलिस कर्मी को वर्दी की आड़ में न्याय की धारा को गंदा करने की अनुमति नहीं दी जा सकती है। यह अवमानना अपराध 1971 की धारा 12 के अंतर्गत आता है। सुप्रीम कोर्ट ने उत्तर प्रदेश सरकार को प्रतिवादी के विरुद्ध कार्यवाही कर सात नवंबर तक न्यायालय को अवगत कराने के निर्देश दिए। इससे पुलिस महकमे में खलबली मची हुई है।
डीजीपी के आदेश पर कोतवाल को कुर्सी से हटाया गया
अदालत ने कहा कि ऐसे पुलिस कर्मी को वर्दी की आड़ में न्याय की धारा को गंदा करने की अनुमति नहीं दी जा सकती है। यह आवमानना अपराध 1971 की धारा 12 के अंतर्गत आती है। सरकार इन पर कार्रवाई करे। इसके बाद डीजीपी के आदेश पर कोतवाल गुलाब चंद्र को कुर्सी से हटा दिया गया।एसपी दीपक भूकर ने बताया कि कंधई प्रभारी को हटा दिया गया है। अन्य प्रकरण की जांच की जा रही है। पट्टी कोतवाली के अतिरिक्त निरीक्षक अनिल कुमार को प्रभारी निरीक्षक कंधई बनाया गया है।
