लखनऊ : नागरिकों को तकनीकी कौशल से सशक्त बनाएगी माली प्रशिक्षण योजना

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

राज्य ब्यूरो, लखनऊ, अमृत विचार : उद्यान, कृषि विपणन, कृषि विदेश व्यापार एवं कृषि निर्यात राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) दिनेश प्रताप सिंह ने बताया कि राज्य सरकार बागवानी क्षेत्र में रोजगार सृजन और आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से एक योजना शुरू कर रही है। इसके लिए उद्यान एवं खाद्य प्रसंस्करण विभाग द्वारा वर्ष 2025-26 में नि:शुल्क माली प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।

उद्यान मंत्री ने रविवार को जारी बयान में बताया कि इस प्रशिक्षण का उद्देश्य नागरिकों को बागवानी में तकनीकी दक्षता प्रदान कर पौधशाला स्थापना और स्वरोजगार को बढ़ावा देना है। विशेष रूप से यह प्रशिक्षण पूरी तरह नि:शुल्क होगा और आवास, भोजन, प्रशिक्षण सामग्री एवं यात्रा व्यय भी सरकार वहन करेगी। उन्होंने बताया कि प्रशिक्षण 390 घंटे (लगभग 50 दिन) का दिया जाएगा । इस प्रशिक्षण के लिए राज्य के विभिन्न मंडलों में केंद्र नामित कर दिए गए हैं। नामित केन्द्रों में लखनऊ में मलिहाबाद केंद्र अंतर्गत अयोध्या, बरेली, देवीपाटन मंडल और आलमबाग केंद्र अंतर्गत लखनऊ, झांसी, वाराणसी मंडल, बस्ती केंद्र अंतर्गत बस्ती, गोरखपुर, आजमगढ़ मंडल, प्रयागराज केंद्र में प्रयागराज, मीरजापुर, चित्रकूट मंडल, सहारनपुर केंद्र अंतर्गत सहारनपुर, मुरादाबाद, मेरठ मंडल और कन्नौज केंद्र अंतर्गत कानपुर, आगरा, अलीगढ़ मंडल नामित किए गए हैं, इनमें किसी भी जिले का नागरिक अपने निकटतम प्रशिक्षण केंद्र पर पंजीकरण कर सकता है।

आवेदन प्रक्रिया और पात्रता

उद्यान एवं खाद्य प्रसंस्करण निदेशक डॉ. भानु प्रकाश राम ने बताया कि प्रशिक्षण के लिए अभ्यर्थी की आयु 18 से 40 वर्ष और न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता कक्षा 5 उत्तीर्ण होनी आवश्यक है। आवेदन पत्र के साथ शैक्षिक प्रमाणपत्र, आधार कार्ड, जाति प्रमाणपत्र एवं निवास प्रमाणपत्र की स्वप्रमाणित प्रतियां संलग्न करना अनिवार्य है। आवेदन जमा करने की अंतिम तिथि 10 नवंबर 2025 है। आवेदन किसान प्रशिक्षण केंद्र, राजकीय उद्यान, आलमबाग, लखनऊ में स्वयं जमा किए जा सकते हैं। चयन प्रथम आवक, प्रथम पावक के आधार पर किया जाएगा।

संबंधित समाचार